
नईदुनिया प्रतिनिधि, मुरैना। भारतीय जनता पार्टी के बागचीनी मंडल उपाध्यक्ष उमेश सिंह सिकरवार के बड़े भाई के घर दिनदहाड़े पौन करोड़ के गहने, नकदी व लाइसेंसी रायफल चोरी हो गई। चोरी की यह घटना गुरुवार दोपहर में घटी। 24 घंटे तक पुलिस ने न तो एफआईआर दर्ज की और न ही किसी को इस घटना की भनक लगने दी। पीड़ित पक्ष ने बेटे की सगाई करने आए लोगों पर चोरी के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने संदेहियों को पकड़ लिया, लेकिन उनसे चोरी गया माल बरामद नहीं हुआ। वहीं पुलिस को घर की एक महिला सदस्य भी संदेही लग रही है।
क्या है मामला
भाजपा नेता के बड़े भाई विष्णु सिंह सिकरवार उम्र 60 साल भूतपूर्व सैनिक हैं और देवगढ़ थाना क्षेत्र के नंदपुरा गांव में रहते हैं। विष्णु सिंह के दोनों बेटे फौज में हैं और अविवाहित हैं। इन्हीं में से एक बेटे राघवेंद्र सिंह की शादी का रिश्ता लेकर गुरुवार को आधा दर्जन से अधिक लोग आए। सगाई लेकर आए लोग दोपहर दो से तीन बजे तक विष्णु सिंह के घर में रहे।
शाम को पांच बजे विष्णु सिंह को कमरे में टंगी रहने वाली रायफल नहीं दिखी, उसके बाद छोटी बेटी का अपने गहनों से भरा पर्स नहीं दिखा, तब उन्हें घर में चोरी का पता लगा। छानबीन की तो घर के पीछे टूटे बक्से, सूटकेस, रायफल का कवर आदि सामान बिखरा मिला।
भाजपा नेता उमेश सिंह ने बताया कि उनके बड़े भाई के घर से लगभग 45 तौला (540 ग्राम) वजन के सोने के गहने, 800 ग्राम चांदी, दो लाख रुपये नकदी, माउजर बंदूक और 50 कारतूस चोरी हो गए हैं।
रिश्ता लेकर आए लोगों में एक साधु, उस पर सम्मोहन कर चोरी का आरोप
विष्णु सिंह के फौजी बेटे की सगाई करवाने के लिए देवगढ़ थाना क्षेत्र के ही कोल्हूडांडा निवासी राजेंद्र सिंह जादौन अपने साथ भिंड के बाराकलां निवासी बलवीर पुत्र हाकिम सिंह भदौरिया, विनोद पुत्र उदय सिंह कुशवाह, रघुनाथपुरा जौरा निवासी विश्वनाथ सिंह पुत्र रघुनाथ सिंह के अलावा अंबाह थाना क्षेत्र के गोले की गढ़ी निवासी बलवीर सिंह उर्फ विजय सिंह पुत्र रामगोपाल सिंह तोमर, सूरज पुत्र मंगल सिंह तोमर और कल्लू पुत्र पप्पू सिंह तोमर को लेकर पहुंचा था।
इन सबके साथ एक साधु विजयदास उर्फ बलवीर सिंह पुत्र रामगोपाल सिंह तोमर निवासी कुर्रा-कनक के उनईपुरा थाना बलौली उत्तर प्रदेश भी था। विष्णु सिंह और उमेश सिंह का आरोप है कि यह लोग घर देखने और बातचीत करने के बहाने पूरे घर में घूमे। राजेंद्र सिंह पहले भी पांच बार घर आ चुका था और बाबा विजयदास भी दो बार पहले आ चुका था।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि बाबा विजयदास ने घर के लोगों पर सम्मोहन जैसी कोई क्रिया की, उसके बाद घर से गहने, रुपये, रायफल और कारतूस समेट ले गए।
चोरी गए गहनों में 44 तौला सोना दो बेटियों का
विष्णु सिंह की दो बेटियां हैं, दोनों की शादी हो चुकी है। बड़ी बेटी प्रिंसी की शादी राजस्थान में फौजी के साथ हुई, लेकिन पति से मनमुटाव के कारण वह वर्षों से पिता के साथ रह रही हैं। छोटी बेटी शांता की ससुराल भी राजस्थान के महुआखेड़ा में है। उनके पति पुलिस में हैं और कुछ दिन पहले ही वह मायके आई थीं। दोनों बहनों के गहने और नकदी चोरी हुई है।
प्रिंसी के अनुसार उसके पांच तौला का रानी हार, पांच तौला का सीतारानी हार, ढाई तौला का हार, दो तौला वजन की आठ अंगूठियां, दो मंगलसूत्र डेढ़ तौला के, डेढ़ तौला की चेन, तीन तौला की चार चूड़ियां, सोने के टॉप्स की जोड़ी, सात जोड़ी तोड़िया, पांच जोड़ी बिछिया, एक पेंडल, तीन चांदी की अंगूठियां और पर्स में रखे एक लाख रुपये चोरी गए हैं।
छोटी बेटी शांता ने बताया कि तीन तौला वजनी चूड़ियों का सेट, पांच तौला वजनी रानी हार, पांच तौला का सीतारामी हार, दो तौला का छोटा हार, डेढ़ तौला की पांच अंगूठियां, एक मंगलसूत्र, सवा तौला की चेन, एक तौला वजनी झुमकी सेट, दो जोड़ी पायल, तीन जोड़ी बिछिया, नाक की बाली और 15 हजार रुपये नकदी चोरी हो गए।
छोटी बेटी ने बताया कि जो लोग सगाई करने आए थे, उनमें से कुछ घर के पीछे बैठकर फोन पर किसी से बात कर रहे थे। उसी जगह शाम के समय टूटे सूटकेस, बक्से और बिखरा सामान मिला।
रिश्ता लेकर आए लोगों पर इसलिए शक
घर में चोरी का पता लगने के बाद विष्णु सिंह और उमेश सिंह ने सबसे पहले राजेंद्र सिंह जादौन को फोन किया और पूछा कि आप लोग कहां हैं, साथ जो बाबा और अन्य लोग आए थे वह कहां हैं। राजेंद्र सिंह ने जवाब दिया कि वह अपने घर सो रहा है, बाकी लोगों का पता नहीं। लेकिन राजेंद्र सिंह घर नहीं मिला।
इसके बाद भाजपा नेता उमेश सिंह ने अपने नाते-रिश्तेदारों की मदद ली, तो पता चला कि राजेंद्र सिंह श्योपुर जिले के रघुनाथपुर गांव में है। आधी रात को उमेश सिंह और उनके स्वजन देवगढ़ पुलिस को साथ लेकर रघुनाथपुर पहुंचे, वहां से राजेंद्र सिंह को लाए। बाद में अन्य संदेहियों को बुलाया गया। रिश्ता लेकर आए भिंड के लोगों में से एक बलवीर सिंह भदौरिया भी रिटायर सैनिक हैं।