मुरैना में जजों ने संभाली कमान: मजिस्ट्रेट चेकिंग में सभापति की गाड़ी समेत 24 पर कार्रवाई, 80 हजार जुर्माना वसूला
Morena Magistrate Checking: जिला न्यायालय के सीजेएम अजय सिंह की अगुआई में लगभग आधा दर्जन न्यायाधीश सड़क किनार टेंट लगाकर बैठे। इस दौरान कोतवाली, स्टेश...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 11 Aug 2026 09:48:23 AM (IST)Updated Date: Tue, 11 Aug 2026 09:49:06 AM (IST)
गाड़ी रोकने मजिस्ट्रेट चेकिंग में चालान कटवाते नगर निगम के सभापति राधारमण डंडौतिया। नईदुनियाHighLights
- सड़क पर उतरे 6 न्यायाधीश
- नगर निगम सभापति का चालान
- वाहन चालकों में मचा हड़कंप
नईदुनिया प्रतिनिधि, मुरैना। लंबे समय बाद मुरैना में वाहनों की मजिस्ट्रेट चेकिंग हुई। जिला न्यायालय के आधा दर्जन न्यायाधीश वाहनों की जांच करने बैठे तो सड़कों पर गाड़ियों में हड़कंप दिखा। करीब चार घंटे चली इस कार्रवाई में नगर निगम के सभापति सहित 24 लोगों के वाहनों पर चालानी कार्रवाई करते हुए 80 हजार रुपये का राजस्व वसूला गया।
आधा दर्जन जज सड़क पर टेंट लगाकर बैठे
पुराने बस स्टैंड, राधिका पैलेस चौराहा पर शाम पांच बजे से मजिस्ट्रेट चेकिंग शुरू हुई। जिला न्यायालय के सीजेएम अजय सिंह की अगुआई में लगभग आधा दर्जन न्यायाधीश सड़क किनार टेंट लगाकर बैठे। इस दौरान कोतवाली, स्टेशन रोड और यातायात थाने की टीआई की अगुआई में 40 से 50 पुलिसकर्मी वाहनों को पकड़ने के लिए सड़कों पर तैनात किए गए। रात आठ बजे तक चली चेकिंग में बिना नंबर के चार पहिया वाहन, नंबर प्लेट से छेड़छाड़ करने वाले वाहन, हूटर वाले वाहनों के अलावा अन्य दस्तावेज की कमियों वाले वाहन पकड़े गए।
सभापति की फार्चूनर पकड़ी
शीशों पर काली फिल्म चढ़ाकर निकले चार पहिया वाहनों को न्यायाधीशों ने पकड़वाकर खुद के सामने शीशों से काली फिल्म उतरवाई। चेकिंग कि दौरान नगर निगम के सभापति राधारमण डंडौतिया भी अपनी फार्चूनर गाड़ी से निकले, जिस पर अवैध तरीके से हूटर लगे होने के कारण मजिस्ट्रेट चेंकिंग में पकड़ी गई। सभापति की गाड़ी को वहीं खड़ा करवा लिया, इसके बाद सभापति गाड़ी को छोड़ बाइक से घर रवाना हो गए।
कार के शीशों पर चढ़ी काली फिल्म को उतारने जुटे पुलिसकर्मी। नईदुनिया
दो से लेकर पांच हजार रुपये का जुर्माना किया
इस दौरान उन्होंने कहा कि मेरे साथ महापौर की गाड़ी भी थी, हम विपक्ष के हैं, इसलिए पुलिसकर्मियों ने मेरी गाड़ी रोड ली, महापौर को जाने दिया। सभापति की गाड़ी पर न्यायाधीश ने 2500 रुपये का जुर्माना किया, हूटर भी उतरवाए गए। मजिस्ट्रेट चेकिंग में ऐसे वाहनों पर दो हजार से लेकर पांच हजार रुपये तक के जुर्माने की कार्रवाई की गई।
वाहन चालकों में हड़कंप, ई-रिक्शा दिखाई ही नहीं दिए
जिस जगह वाहनों की मजिस्ट्रेट चेकिंग लगी थी, वहां बैरियर की ओर से, अंबाह-पोरसा की ओर से, अंबाह बाईपास से, नाला नंबर एक की सड़क एवं वीआइपी रोड की ओर से वाहन आते हैं, लेकिन मजिस्ट्रेट चेकिंग का असर यह दिखा कि चार पहिया व दोपहिया वाहन सवार उल्टे लौटकर जाने लगे। जिस एमएस रोड पर दिनभर ई रिक्शों के झुंड के कारण जाम लगता है, वह ई-रिक्शा भी अचानक सड़कों से गायब से हो गए। दोपहिया वाहन सवार भी एमएस रोड को छोड़ कालोनी-मोहल्लों की सड़कों से होकर आते-जाते दिखे।