भूत-प्रेत खराब कर रहे सड़कें, सीवर और स्ट्रीट लाइट, पकड़ने के लिए बुलाया तांत्रिक; मुरैना नगर निगम के खिलाफ अनूठा प्रदर्शन
मुरैना में बदहाल सड़कों, जाम सीवर और बंद स्ट्रीट लाइटों के विरोध में पूर्व पार्षद ने तांत्रिक बुलाकर भूत-प्रेत पकड़ने का अनोखा अभियान चलाया, प्रशासन प ...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 22 May 2026 09:13:55 AM (IST)Updated Date: Fri, 22 May 2026 09:13:55 AM (IST)
शहर की खराब सड़कों के लिए तांत्रिक क्रियाएं। (नईदुनिया प्रतिनिधि)HighLights
- मुरैना में गड्ढों के विरोध में तांत्रिक पूजा करवाई गई
- पूर्व पार्षद ने विकास कार्यों पर भूतों का साया बताया
- अंबाह बायपास चौराहे पर गड्ढे में बैठकर हवन किया गया
नईदुनिया प्रतिनिधि, मुरैना। शहर की सड़कों पर गड्ढे भूत-प्रेत कर रहे हैं। स्ट्रीट लाइटों को फुंकाने से लेकर सीवर लाइन और नालों को जाम करने का कारण भी बुरी आत्माएं हैं, इसीलिए ऐसी प्रेतआत्माओं को पकड़ा जा रहा है, जिससे शहर के विकास काम बर्बाद न हों। यह कहना है वार्ड 15 के पूर्व पार्षद दिलीप सिंह राठौर का और इसी मंशा के साथ उन्होंने एक तांत्रिक को बुलाकर पूजा-अर्चना कर बुरी आत्माओं को पकड़वाने का अभियान छेड़ रखा है।
मुरैना शहर की अधिकांश सड़कें बदहाल हैं। सीवर लाइन जगह-जगह जाम है, स्ट्रीट लाइटें बंद हैं। ऐसी ही समस्याओं को लेकर वार्ड 15 के पूर्व पार्षद ने अनूठे तरीके से विरोध जताना शुरू कर दिया है। गुरुवार को वार्ड नौ में आने वाले अंबाह बायपास चौराहा पर पूर्व पार्षद के साथ दर्जनों स्थानीय निवासी और एक तांत्रिक थे। अंबाह बायपास चौराहा पर सड़क पूरी तरह गायब है, गड्ढे हाे गए हैं, सीवर लाइन भी जाम है। सड़क के गड्ढे में बैठकर पूर्व पार्षद ने तांत्रिक से हवन पूजन करवाया और प्रेतात्मा को पकड़ने की बात कही।
भूत कचरा वाहनों को गलियों में नहीं घुसने दे रहे
- पूर्व पार्षद ने प्रशासन पर कटाक्ष करते हुए कहा कि नगर निगम द्वारा बेहतरीन सड़कों के कार्य से नाराज प्रेतात्माओं द्वारा सड़कों को खोदा व खराब किया जा रहा है। सीवर, स्ट्रीट लाइट, स्वच्छता जैसे मूलभूत विकास के कामों पर प्रेतात्माओं का साया है। भूतों द्वारा घर-घर से कचरा कलेक्शन करने वाले वाहनों को गलियों में घुसने नहीं दिया जा रहा।
- गारंटी पीरियड में खराब हो रही सड़कों की फाइलों को भूत आफिस से गायब कर देते हैं। अधिकारियों को दफ्तर नहीं आने दे रहे। इन समस्याओं के निराकरण के लिए तांत्रिक से भूत-प्रेत पकड़वाए जा रहे हैं। पूर्व पार्षद ने बताया कि शुक्रवार को ट्रंच रोड पर तांत्रिक पूजा कर उस क्षेत्र की बुरी आत्माओं को पकड़वाया जाएगा।