

नईदुनिया प्रतिनिधि, मुरैना। 'जयहिंद सर... हम दोनों भाई सेना में हैं। हमारी इकलौती बहन रानी की उसके फौजी पति सोहन सिकरवार ने नशे की हालत में गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपियों का परिवार राजनीतिक पहुंच वाला है, वह नेतागिरी कराकर सबूतों से छेड़छाड़ कर केस बिगाड़ रहे हैं।' एसपी धर्मराज मीना की जनसुनवाई में पहुंचे फौजी कुलदीप सिंह तोमर और प्रदीप सिंह तोमर निवासी कोंथरकला ने कहीं।
गौरतलब है कि अंबाह के खजूरी रोड निवासी फौजी सोहन सिकरवार ने 6 अगस्त की रात अपनी पत्नी रानी सिकरवार की लाइसेंसी पिस्टल से गोली मारकर हत्या कर दी। इस मामले में अंबाह पुलिस ने सोहन के साथ उसके पिता व मां पर भी केस दर्ज किया है। मृतका रानी के दोनों भाई कुलदीप व प्रदीप सिंह मंगलवार को जनसुनवाई में पहुंचे और सबूतों से छेड़छाड़ की बात कही।
इस दौरान दोनों भाई रोने लगे। एसपी मीना ने कहा जांच में कोई कमी नहीं होगी, पूरे सबूत जुटा लिए गए हैं। आप लोग अपने बयान कोर्ट में सही देना, हत्यारे को कड़ी सजा दिलाएंगे। मृतका के भाइयों ने कहा कि आरोपितों पर लाइसेंसी हथियार हैं, एसपी ने कहा कि उनके लाइसेंस निरस्त कर हथियार जमा करवा लिए जाएंगे।
देवगढ़ थाना क्षेत्र के उत्तमपुरा में 26 जुलाई को 65 वर्षीय विमला देवी की गला रेतकर हत्या हुई। हत्यारे विमला के पहने हुए सोने-चांदी के गहने ले गए। इसी मामले में मृतका के स्वजन व 15-20 ग्रामीण मंगलवार को जनसुनवाई में पहुंचे और एसपी से कहा कि देवगढ़ पुलिस हत्यारे तक नहीं पहुंच रही, हमारे ही परिवार के नाबालिग बच्चों व महिलाओं को पूछताछ के लिए सुबह से रात तक थाने में बैठाती है।
शिकायतकर्ताओं ने कहा कि परिवार में किसी पर शक है, महिलाओं से पूछताछ के लिए महिला पुलिस अधिकारी भेजिए, पुलिस अधिकारी तो परेशान करते हैं। एसपी ने जांच के लिए महिला एसआइ भेजने के साथ-साथ जल्द ही आरोपितों को चिन्हित करने का भरोसा दिया।
नूराबाद थाना क्षेत्र के विसेंठा गांव के 20 से ज्यादा ग्रामीण एसपी ऑफिस आए और बताया कि 15 जुलाई को जमीन विवाद में यशवीर गुर्जर, परिमाल गुर्जर, रामराज गुर्जर, रामकेश गुर्जर, रामराज गुर्जर, सुग्रीव गुर्जर, रामस्वरूप गुर्जर, इंद्रवीर गुर्जर, जोगेंद्र गुर्जर, उदयभान गुर्जर, नाहर सिंह गुर्जर, रामराज गुर्जर सहित कुछ 17 लोगों ने लाठी-फरसों से हमला कर ऐंदल गुर्जर, कोमल गुर्जर, रामहेत गुर्जर और रामहेत गुर्जर के घायल कर दिया।
इलाज के दौरान 25 साल के ऐंदल पुत्र बलवीर सिंह की मौत हो गई। पुलिस ने अब तक तीन आरोपित पकड़े हैं। बाकी के आरोपित आए दिन धमका रहे हैं। बीती रात आरोपियों ने घर के बाहर फायरिंग की और राजनीमा नहीं करने पर पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी दी।
यह भी पढ़ें- 65 हजार की सैलरी लेने वाले हेडमास्टर ने ₹4500 में रखी युवती, बच्चों को पढ़ा रही थी भाड़े की मैडम, हेडमास्टर सस्पेंड