
मुरैना: जिला उप मूल्यांकन समिति ने नई कलेक्टर गाइडलाइन तैयार कर ली है, जिसे एक अप्रैल से लागू किया जाएगा। अब तक मुरैना जिले में भूमि-भवन की 1085 अलग-अलग लोकेशन निर्धारित थीं। नई गाइडलाइन में इन्हें घटाकर 350 कर दिया गया है। इससे एक ही एरिया में एक जैसी दरें लागू होंगी और सेवा प्रदाताओं को रजिस्ट्री प्रक्रिया में सुविधा मिलेगी।
मुरैना नगर निगम के वार्ड-एक में आने वाले मुड़ियाखेड़ा, अंबाह बाईपास और बड़ोखर क्षेत्र में पहले 15 अलग-अलग लोकेशन थीं। अब इन्हें घटाकर दो लोकेशन कर दिया गया है। इन क्षेत्रों में अब भूमि और भवन की रजिस्ट्री एक ही रेट पर होगी।
छौंदा स्थित ट्रांसपोर्ट नगर में जमीन के रेट 8000 रुपए प्रति वर्गमीटर से बढ़ाकर 9000 रुपए प्रति वर्गमीटर किए जाने की तैयारी है। वहीं छौंदा, डोमपुरा और हाईवे किनारे की 13 लोकेशन को समाप्त कर तीन लोकेशन में मर्ज किया जा रहा है।
हिंगोना खुर्द में अभी 1320 से 3000 रुपए प्रति वर्गमीटर तक अलग-अलग रेट हैं, जिन्हें मर्ज कर 3000 रुपए प्रति वर्गमीटर तय किया जाएगा।
जिला उप मूल्यांकन समिति ने मुरैना क्षेत्र की 15 प्रमुख लोकेशन को प्लानिंग में शामिल किया है। इनमें जगतपुर, करुआ, किशनपुर, खेड़ा मेवदा, गंजरामपुर, जींगनी, बिचोली, बानमोर क्षेत्र की टीकरी, करिगवां, मलखानपुरा, खेरा चुनेटी, उरहाना, पिपरसेवा, रिठौराकलां, तिघरा, नूराबाद और सेवा गांव शामिल हैं। इन क्षेत्रों में वर्ष 2025 में कलेक्टर गाइडलाइन से अधिक दरों पर रजिस्ट्री हुई है, जिसके आधार पर रेट 200 प्रतिशत तक बढ़ाए जा सकते हैं।
पंजीयन विभाग ने नई गाइडलाइन के लिए होमलोन के जरिए हुई रजिस्ट्रियों का डेटा एकत्र किया है। अधिक कर्ज पाने के लिए लोग कलेक्टर गाइडलाइन से ज्यादा रेट पर रजिस्ट्री कराते हैं। इन्हीं दरों को आधार बनाकर नई गाइडलाइन तय की गई है, जिससे 2026-27 में राजस्व बढ़ने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें- MP के महू में दूषित जल से 19 बच्चों सहित 25 बीमार, पीलिया-टाइफाइड का कहर... नलों का बदबूदार पानी पीने से फैली बीमारी