भीषण गर्मी में अवैध शराब के विरोध में मुरैना की सड़कों पर जनआक्रोश, कलेक्ट्रेट घेराव का ऐलान
ज्ञापन में कहा गया कि जिले के हर गांव में अवैध शराब बिक रही है। गांव में अस्पताल-मेडिकल नहीं मिलेंगे पर अवैध शराब हर जगह मिलेगी। ...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 17 May 2026 10:02:38 AM (IST)Updated Date: Sun, 17 May 2026 10:09:03 AM (IST)
चिलचिलाती धूप व लपटों के बीच रैली निकालकर जाते महिला-पुरुष। नईदुनियाHighLights
- कलेक्टर के नाम सीएसपी दीपाली चंदौरिया को ज्ञापन सौंपा
- मांग पूरी न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी
- करीब आधा घंटे तक धरना प्रदर्शन व नारेबाजी की
नईदुनिया प्रतिनिधि, मुरैना। मुरैना जिले में अवैध शराब का कारोबार जमकर हो रहा है। अब तक इसके खिलाफ जनसुनवाई या सीएम हेल्पलाइन में शिकायतें आ रही थीं, लेकिन पहली बार गरीब व दलित बस्तियों के लोग अवैध शराब के खिलाफ सड़कों पर उतर आए और अवैध शराबबंदी आंदोलन का आगाज कर दिया। झुलसाने वाली धूप व लपटों के बीच, भरी दोपहरी में रैली निकाली, सीएसपी आफिस के बाहर धरना दिया। अवैध शराब का कारोबार बंद नहीं होने पर कलेक्टोरेट के घेराव की चेतावनी भी दी।
भीम आर्मी भारत एकता मिशन की अगुआई में हुआ प्रदर्शन अवैध शराब के खिलाफ यह प्रदर्शन भीम आर्मी भारत एकता मिशन के बैनर तले हुआ, जिसमें भीम आर्मी, जाटव महापंचायत, अजाक्स, खटीक समाज आदि कई समाजों के प्रतिनिधि शामिल हुए। शनिवार की दोपहर सैकड़ों लोग बैरियर स्थित रेस्ट हाउस परिसर में जुटे। चिलचिलाती धूप व लपटों के बीच रैली निकालकर यह भीड़ कोर्ट रोड तिराहा, पुराना बस स्टैंड के सामने होते हुए पुरानी कलेक्टोरेट पहुंचे। यहां पुरानी कलेक्टोरेट के मैन गेट पर करीब आधा घंटे तक धरना प्रदर्शन व नारेबाजी की, इसके बाद कलेक्टर के नाम सीएसपी दीपाली चंदौरिया को ज्ञापन सौंपा।
इस ज्ञापन में कहा गया कि जिले के हर गांव में अवैध शराब बिक रही है। गांव में अस्पताल-मेडिकल नहीं मिलेंगे, पर अवैध शराब हर जगह मिलेगी। कई गांवों में पीने का पानी दूसरे गांव से ला रहे, लेकिन इन गांवों में शराब धड़ल्ले से बिक रही है। शराब माफियाओं ने गरीब-दलित बस्तियों को अपना निशाना बना रखा है, जो गरीब इनका विरोध करते हैं, उनके साथ मारपीट होती है, धमकाया जाता है। गली-मोहल्लों में बिक रही अवैध शराब के कारण महिला-बालिकाओं की सुरक्षा को खतरा बना रहता है। महिलाओं से छेड़छाड़ होती है। ज्ञापन में कहा गया, कि अगर अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश नहीं लगा तो अवैध शराबबंदी आंदोलन के अगले चरण में कलेक्टोरेट का घेराव होगा।
इस प्रदर्शन में भीम आर्मी भारत एकता मिशन के जिला संयोजक रणवीर जाटव, अजाक्स के महासचिव राजवीर अग्निहोत्री, कांग्रेस की वरिष्ठ नेता लक्ष्मी दिनकर, आजाद समाज पार्टी के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज चंदसौरिया, समाजसेवी संदीप बैसला, जबर सिंह दिनकर, आकाश खटीक आदि शामिल रहे।