
नईदुनिया प्रतिनिधि, मुरैना। हाईवे पर वाहन चेकिंग कर रहे सिविल लाइन थाने के आरक्षक ओमप्रकाश तिवारी को मिनी लोडिंग ने टक्कर मार दी। हादसे में घायल आरक्षक ने बिरला हॉस्पिटल ग्वालियर में दम तोड़ दिया। पुलिस ने आरोपित ड्राइवर और मिनी लोडिंग को पकड़ लिया है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने रोजाना की तरह शाम 6:00 बजे हाईवे पर वाहन चेकिंग पाइंट लगाया था। चेकिंग में आरक्षक ओमप्रकाश तिवारी को भी भेजा गया था, जो थाने से चंद कदम दूर छौंदा टोल प्लाजा के पास वाहनों को रोककर चेकिंग कर रहे थे।
शाम 6:30 बजे टोल के पास ही एक बाइक पर सवार तीन युवकों को आरक्षण ने रोकने के प्रयास किया तो बाइक सवार भाग निकले। बाइक को पकड़ने आरक्षक हाईवे के बीच आ चुके थे, जैसे ही सड़क की एक ओर जाने लगे तभी टोल से निकली पिकअप लोडिंग यूपी 80 एचटी 5447 जो तेज रफ़्तार में थी उसने आरक्षक तिवारी को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से सिपाही तिवारी गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
सिपाही को उपचार के लिए जिला अस्पताल से ग्वालियर रेफर किया गया। बिरला अस्पताल ग्वालियर में सिपाही ने इलाज के दौरान रात 9:00 बजे दम तोड़ दिया। सिविल लाइन थाना पुलिस ने टक्कर मार कर भागे वाहन को दस किलोमीटर पीछा कर नूराबाद के पास पकड़ा।
यह भी पढ़ें- सतना में सहायक आबकारी अधिकारी की पत्नी के पेट में लगी गोली, शस्त्र पूजा के बाद बंदूक अलमारी में रखते समय हुआ हादसा
बताया जाता है कि आरक्षण ओमप्रकाश तिवारी सिपाही की नौकरी से पहले मिलिट्री में 17 साल नौकरी कर चुके थे। सेना से नौकरी छोड़ने के बाद वह मध्य प्रदेश पुलिस में भर्ती हुए और पिछले 7 साल से जिला पुलिस बल में सेवाएं दे रहे थे।