
नईदुनिया प्रतिनिधि, नरसिंहपुर। जिले के गोटेगांव थाना क्षेत्र के ग्राम खमरिया में जमीनी विवाद में पुरानी आपसी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले।
मारपीट की इस घटना में दोनों पक्षों के करीब पांच लोग घायल हुए हैं, जिनमें तीन की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर रेफर किया गया। घटना का दो दिन पुराना वीडियो बुधवार को सामने आया है।
पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पुरानी आपसी रंजिश को लेकर विवाद हुआ था, जिसने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। घटना के बाद दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस ने कुल आठ लोगों के खिलाफ अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए हैं।
पहली रिपोर्ट खमरिया निवासी नरेंद्र पटेल ने दर्ज कराई है। इसमें साहब पटेल, अभिनय पटेल, अनुराग पटेल और राहुल पटेल को आरोपी बनाया गया है।
दूसरी रिपोर्ट अनुराग पटेल की ओर से दर्ज कराई गई है, जिसमें साहिल पटेल, सुरेंद्र पटेल, चिरोंजीलाल पटेल और भरत पटेल के खिलाफ मारपीट की शिकायत की गई है। फिलहाल गोटेगांव पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में मोपेड सवार तीन लुटेरे गिरफ्तार, चांदी की चेन-ब्रेसलेट व वारदात में इस्तेमाल स्कूटी जब्त