नीमच में शीतला माता मंदिर में मिले मांस के टुकड़े, भड़का हिंदू समाज; सड़क पर उतरकर जताया भारी विरोध
शीतला माता मंदिर में मांस के टुकड़े मिले हैं, हिंदू समाज की तरफ से रैली निकाल कर इसका विरोध किया गया। ...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 30 May 2026 09:10:06 PM (IST)Updated Date: Sat, 30 May 2026 09:10:06 PM (IST)
शीतला माता मंदिर में मांस के टुकड़े मिलने से लोगों में रोषHighLights
- शीतला माता मंदिर में मांस के टुकड़े मिलने से लोगों में रोष
- महाआरती और रैली निकालकर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की
- पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य माध्यमों से मामले की जांच में जुटी
नईदुनिया प्रतिनिधि, जावद (नीमच)। नगर के शीतला माता मंदिर में मांस के टुकड़े मिले हैं, जिस पर हिंदू समाज ने अज्ञात आरोपित पर मांस के टुकड़े फेंकने के आरोप लगाते हुए विरोध जताया है। इस घटना के बाद सुबह मंदिर में शुद्धीकरण किया गया। शाम को रैली निकालकर हिंदू समाज ने ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
शनिवार सुबह मांस के टुकड़े मिले
नगर के शीतला माता मंदिर में शनिवार सुबह मांस के टुकड़े मिले हैं, जिसके बाद मंदिर और परिसर में लोगों की भीड़ जमा हो गई। मंदिर में मांस के टुकड़े मिलने की घटना पर रोष जताते हुए हिंदू समाज ने धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के लिए अज्ञात आरोपित द्वारा उक्त घटना को अंजाम देने के आरोप लगाए और कार्रवाई की मांग की। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा और मांस के टुकड़ों को मौके से हटवाया। नगर परिषद जावद की फाइटर से मंदिर और परिसर की धुलाई व सफाई कराई गई। सत्यदीप आश्रम सुखानंद के स्वामी सत्यानंद सरस्वती भी मौके पर पहुंचे।
घटना के विरोध में रैली निकाली
शनिवार सुबह मंदिर का शुद्धीकरण किया और शाम करीब 5.30 बजे बड़ी संख्या में हिंदू समाज के लोगों ने एकजुट होकर महाआरती की और इसके बाद घटना के विरोध में रैली निकाली। शीतला माता मंदिर से शुरू होकर रैली भारत माता चौराहा से परकोटा हनुमान मंदिर पहुंची, जहां पर हिंदू समाज के सदस्यों ने कलेक्टर व एसपी के नाम पर तहसीलदार नवीन गर्ग और टीआइ मनोज सिंह जादौन को ज्ञापन सौंपा।
कार्रवाई की जाएगी
तहसीलदार नवीन गर्ग ने बताया कि घटना के संबंध में गहनता से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज व अन्य माध्यमों से अज्ञात आरोपितों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। जांच के तथ्यों के आधार पर विधि अनुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।