
नईदुनिया प्रतिनिधि, नीमच। 7 फीट जमीन के विवाद में जिले के ग्राम कानका में छोटे भाई ने साथियों के साथ मिलकर बड़े भाई व भाभी की हत्या कर दी। वहीं भतीजे पर भी जानलेवा हमला किया गया है। इस वारदात के बाद पुलिस ने वारदात में शामिल अधिकांश आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी राजेश व्यास की निगरानी में जिले के आला पुलिस अधिकारी घटना की जांच में जुटे हैं।
यह वारदात बुधवार सुबह करीब 7 से 9 बजे के मध्य की बताई जाती है। जिले के जावद विकासखंड के ग्राम कानका के पूरणमल राठौर आयु करीब 53 वर्ष और छोटे भाई रामनिवास राठौर में करीब 7 फीट जमीन को लेकर विवाद हुआ। पत्थर और लाठी से किए गए हमले में पूरणमल की हत्या कर दी गई जबकि उनकी पत्नी संपत्त बाई आयु 48 वर्ष व पुत्र जीवन पर जानलेवा हमला किया गया।
इस घटना को रामनिवास और साथियों द्वारा अंजाम देने की बात सामने आई। वारदात की सूचना पर एसपी राजेश व्यास, एएसपी हेमलता अग्रवाल और जावद एसडीओपी रोहित राठौर मय बल के मौके पर पहुंचे और मामला जांच में लिया। गंभीर रूप से घायल संपत्त बाई को उदयपुर रेफर किया गया लेकिन इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई। घायल जीवन राठौर का नीमच के निजी अस्पताल में इलाज जारी है।
जावद पुलिस ने रामनिवास व साथियों के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज कर मामला जांच में लिया। एसडीओपी रोहित राठौर के अनुसार कानका की घटना में छोटे भाई ने बड़े भाई व भाभी की हत्या की है, विवाद में भतीजा भी घायल हुआ है।
पूरणमल राठौर के शव के पोस्टमार्टम कराने से इंकार करते हुए बुधवार को स्वजनों ने सिटी फोरलेन पर नीमच केंट थाने के सामने जाम कर दिया। वे आरोपितों की गिरफ्तारी व आरोपितों के मकान पर जेसीबी चलाने की मांग पर अड़े थे। सीएसपी किरण चौहान, टीआइ सौरभ शर्मा, मनोज सिंह जादौन ने समझाइश देकर बमुश्किल जमा खुलवाया। जाम के दौरान सिटी फोरलेन पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पूरणमल राठौर छोटे लोडिंग वाहन से गांव-गांव में फेरी लगाकर सब्जी बेचता था। परिवार में पत्नी संपत्त बाई थी। उनके अलावा संतान में तीन बेटी वंदना, नीलम व पूजा है। वहीं रामनिवास ग्राम कानका में ही किराना दुकान संचालित करता था। वह पूर्व में काम के सिलसिले में विदेश भी रहकर आया था। रामनिवास के परिवार में पत्नी और तीन बच्चे हैं।
ग्राम कानका के बद्रीलाल राठौर की मृत्यु लगभग 15 वर्ष पूर्व हो चुकी है। उनकी मृत्यु उपरांत करीब 6 बीघा कृषि भूमि में से 2-2 बीघा कृषि भूमि उनकी पत्नी भगवती बाई, पुत्र पूरणमल और रामनिवास के हिस्से में आई थी। करीब एक वर्ष पूर्व भगवती बाई की मृत्यु हो चुकी है लेकिन उनके हिस्से की करीब 2 बीघा जमीन दान विलेख के माध्यम से पूरणमल को मिल गई थी। पूरणमल ने इस भूमि में से कुछ भूमि गांव के ही मन्नालाल को बेची थी। दोनों भाइयोंं के मध्य कृषि भूमि की तार फेंसिंग और 7 फीट जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। यह विवाद पूर्व में पारिवारिक व सामाजिक रूप से सुलझाने का प्रयास हुए हैं लेकिन कोई निष्कर्ष नहीं निकल सका। करीब 10 साल से यह विवाद खींचा चला आ रहा था।
जमीन विवाद में ग्राम कानका के पूरणमल राठौर व उनकी पत्नी संपत्त बाई की हत्या की गई है और उनका पुत्र जीवन घायल है। इस मामले में पूरणमल के भाई रामनिवास सहित अन्य आरोपितों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। अधिकांश आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में गहनता से जांच की जा रही है। - राजेश व्यास, एसपी नीमच
इंदौर में शराब पीने के दौरान हुआ विवाद, सिर पर बोतल और मोटर से हमला कर दोस्त ने की युवक की हत्या