नीमच में भीषण गर्मी में महामाया भादवा माता के चेहरे पर दिखी बूंदें, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
नीमच से 18 किमी दूर स्थित महामाया भादवा माता मंदिर में भीषण गर्मी के बीच देवी की प्रतिमा के चेहरे पर पसीने जैसी बूंदें उभरने का दावा किया जा रहा है। ...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 11 May 2026 02:33:44 PM (IST)Updated Date: Mon, 11 May 2026 02:37:30 PM (IST)
देवी की मूर्ति पर बूंदें उभर आईं।HighLights
- महामाया भादवा माता की प्रतिमा पर पसीने जैसी बूंदें उभरने के दावे
- फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, भक्त बता रहे देवी का चमत्कार
- मालवा की वैष्णोदेवी कहलाती हैं नीमच जिले की भादवा माता
नईदुनिया प्रतिनिधि, नीमच। भीषण गर्मी के कारण महामाया भादवा माता के चेहरे पर पसीने की बूंदें उभर आईं। इन दावों के साथ महामाया भादवा माता के फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इसके बाद महामाया के भक्तों में भावुकता दिखाई दी और वे देवी मां का चमत्कार बता रहे हैं।
नीमच जिला मुख्यालय से लगभग 18 किलोमीटर दूर महामाया भादवा माता का मंदिर है। मंदिर को आरोग्य स्थल और देवी मां को मालवा की वैष्णोदेवी की संज्ञा दी जाती है। मान्यता है कि देवी के दर्शन व पूजन और मंदिर परिसर में स्थित कुंड के पानी से स्नान करने से मात्र भक्तों को लकवा जैसी असाध्य बीमारियों में राहत मिलती है।
कोरोना काल के समय आंखों से पानी की बूंदें
मंदिर प्रबंध संस्थान के प्रबंधक अजय ऐरन ने बताया कि देवी के चेहरे पर पानी की बूंदें उभरने के फोटो व वीडियो देखे हैं। इस विषय की जानकारी है लेकिन इनके संबंध में अधिकृत रूप से कुछ भी कह पाना संभव नहीं है। मंदिर में देवी मां के चमत्कार के दृश्य व घटनाक्रम अक्सर सुनने में आते हैं। कोरोना काल से पूर्व साल 2019 में भी देवी मां की आंखों से पानी की बूंदें उभरी थीं।
एसी से अखंड ज्योत प्रभावित होने की आशंका
महामाया भादवा माता मंदिर के गर्भ गृह में पूर्व में एसी लगाया गया था, जिसे बाद में बंद कर दिया गया था। प्रबंधक अजय ऐरन के अनुसार एसी से अखंड ज्योत प्रभावित होने की आशंका रहती है। रविवार की घटना के बाद इंजीनियर को बुलाया है, उनसे चर्चा के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा-निर्देश के अनुसार एसी लगाने के संबंध में पुन: निर्णय लिया जाएगा।