
पन्ना पवई नईदुनिया। जिस आंचल में पलकर बड़ा हुआ, उसी आंचल को डंडे से छलनी कर दिया। जमीनी विवाद के चंद टुकड़ों के लिए एक बेटे ने अपनी मां की जान ले ली। इस दर्दनाक घटना से पूरे ग्राम कमता में मातम पसरा है।
मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे ग्राम कमता में चीखें गूंजीं। रामदयाल पांडे 26 वर्ष ने जमीनी बंटवारे को लेकर अपनी मां शीला पांडे 42 वर्ष से विवाद किया। बात इतनी बढ़ी कि गुस्से में आकर उसने यूकेलिप्टस का डंडा उठाया और मां पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
मां जमीन पर गिरकर तड़पती रही और बेटा वहां से भाग निकला। पड़ोसियों ने जब शीला को लहूलुहान हालत में देखा तो उनके होश उड़ गए। सूचना पर पति शंकरदयाल पांडे 45 वर्ष ने रोते हुए थाना पवई पहुंचकर बताया कि "मेरे ही बेटे ने मां को मार डाला"।
पुलिस टीम ने रातभर पतारसी कर आरोपी रामदयाल को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने सबूत मिटाने के लिए हत्या में प्रयुक्त डंडा गांव के सूखे कुएं में फेंक दिया था।
पुलिस ने कुएं से डंडा बरामद कर उसे जप्त कर लिया। बुधवार को आरोपी को न्यायालय में पेश कर उप जेल पवई भेज दिया गया।
शीला अपने 2 बच्चों की परवरिश बड़ी मुश्किलों से कर रही थीं। ग्रामीणों का कहना है कि जमीन के विवाद को कई बार पंचायत में सुलझाने की कोशिश हुई, लेकिन बेटे की जिद के आगे मां हमेशा झुक जाती थीं। मंगलवार को वही जिद उसकी जान ले गई।