नवदुनिया न्यूज, रायसेन/बेगमगंज। शहादत के पर्व मोहर्रम के मौके पर रायसेन जिले के बेगमगंज कस्बे में बीएसएनएल के सूने परिसर में रात के समय कुछ शरारती तत्व दीवार फांद कर अंदर घुसे और करीब 240 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ गए तथा टावर की चोटी पर हरा झंडा लगाकर गायब हो गए।
सुबह जब लोगों ने देखा तो बीएसएनल टावर की चोटी पर हरा झंडा फहरा रहा था। जानकारी लगते ही मीडिया के लोग तो पहुंचे ही, अन्य लोग भी पहुंच गए। पुलिस ने मामले का संज्ञान में लेते हुए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर शरारती तत्वों का पता लगाने का प्रयास शुरू कर दिया है।
इस संबंध में जब बीएसएनएल टावर के कर्मचारियों से बात की तो उनका कहना था कि कल छुट्टी थी और छुट्टी वाले दिन कोई कर्मचारी नहीं था। रात में कुछ लोग दीवार फांद कर अंदर घुसे होंगे और टावर पर चढ़कर झंडा फहराकर चले गए। हमने वरिष्ठ अधिकारियों को खबर कर दी है।
अब सवाल यह उठता है कि जान हथेली पर रखकर ऐसे शरारत करने वाले लोग कौन हैं। वह पकड़े जाना चाहिए। टावर पर चढ़ते समय रात के अंधेरे में हाथ या पैर स्लिप हो जाता तो ऊंचाई से गिरने पर मौत भी हो सकती थी।
वहीं जन चर्चा है कि यह काम किसी एक आदमी का नहीं हो सकता, दो-चार लोग इसमें शामिल रहे होंगे। बीएसएनएल कार्यालय में ड्यूटी पर उपस्थित कर्मचारियों का कहना है कि टावर इतना अधिक ऊंचा है कि हम में से कोई भी टावर पर चढ़ने की हिम्मत नहीं कर पाता।