राजगढ़ में 7 तहसीलों के 10 पटवारी सस्पेंड; फार्मर आईडी और स्वामित्व योजना में लापरवाही पड़ी भारी
फार्मर आईडी, फार्मर रजिस्ट्री और स्वामित्व योजना में लापरवाही तथा लंबे समय से अनुपस्थित रहने पर राजगढ़ जिले में 10 पटवारियों को निलंबित किया गया है।
Publish Date: Fri, 02 Oct 2026 10:35:54 PM (IST)Updated Date: Fri, 02 Oct 2026 10:35:54 PM (IST)
प्रतीकात्मक फोटो, एआई की मदद से तैयार की गई है।HighLights
- फार्मर आईडी, फार्मर रजिस्ट्री और स्वामित्व योजना में लापरवाही पर कार्रवाई
- राजगढ़, ब्यावरा, नरसिंहगढ़, खिलचीपुर, जीरापुर, सुठालिया व सारंगपुर तहसीलों के 10 पटवारी निलंबित
- कई पटवारियों को पहले समझाइश और कारण बताओ नोटिस दिए गए थे
नईदुनिया प्रतिनिधि, राजगढ़। फार्मर आईडी, फार्मर रजिस्ट्री और स्वामित्व योजना के काम में लापरवाही बरतने तथा लंबे समय से ड्यूटी से अनुपस्थित रहने पर जिले के 10 पटवारियों को निलंबित किया गया है। कार्रवाई राजगढ़, ब्यावरा, नरसिंहगढ़, खिलचीपुर-जीरापुर, सुठालिया, सारंगपुर और पचोर तहसील क्षेत्रों में की गई।
राजगढ़ के पटवारी सुंदरसिंह भिलाला को फार्मर आईडी और फार्मर रजिस्ट्री में अपेक्षित प्रगति नहीं करने, सीएम हेल्पलाइन पर संतोषजनक जवाब नहीं देने और अधिकारियों के निर्देशों का पालन नहीं करने पर निलंबित किया गया।
वहीं, पटवारी परमानंद कुशवाह को करीब पांच सप्ताह से बिना सूचना अनुपस्थित रहने और नोटिस का जवाब नहीं देने पर निलंबित किया गया।
केवाईसी सत्यापन न होने पर एक्शन
सुठालिया के प्रदीप शर्मा और ब्यावरा के पियूष परमार पर स्वामित्व योजना में केवाईसी, आवेदन निष्पादन और सत्यापन का काम नहीं करने पर कार्रवाई हुई। नरसिंहगढ़ के कुलदीप सोनगिरा को अधिकार अभिलेख के हस्तांतरण विलेख और पंजीयन में प्रगति नहीं करने तथा संदीप नागर को निरीक्षण के दौरान मौके पर अनुपस्थित मिलने पर निलंबित किया गया।
गैरहाजिर रहने पर कार्रवाई
खिलचीपुर-जीरापुर के प्रशांत मुदगल और विजय राठौर को भी स्वामित्व योजना में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर निलंबित किया गया। सारंगपुर में एसडीएम कार्यालय से लंबे समय से अनुपस्थित पटवारी अजय अहिरवार और पचोर के पटवारी बलवानसिंह पर भी निलंबन की कार्रवाई की गई है।
प्रशासन के अनुसार संबंधित पटवारियों को पहले कई बार निर्देश और नोटिस दिए गए थे, लेकिन कार्य में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।