राजगढ़ में पुलिस पर हमला, विवाद सुलझाने गए 2 कॉन्स्टेबल से मारपीट; एक की वर्दी फाड़ी, दूसरे को पीटा
Rajgarh Police Attack: ताजा मामला ब्यावरा शहर थाने का है। जहां एक विवाद को शांत कराने पहुंचे दो पुलिसकर्मियों को खुद मारपीट का शिकार होना पड़ा। एक की वर्दी फाड़ दी तो दूसरे को डंडे से मारा।
Publish Date: Fri, 20 Nov 2026 09:48:54 PM (IST)Updated Date: Fri, 20 Nov 2026 11:49:37 PM (IST)
पुलिस से विवाद के बाद थाने के बाद जमा भीड़, पुलिस ने किया तितर-बितर।HighLights
- ब्यावरा में विवाद सुलझाने गए दो पुलिसकर्मियों से मारपीट
- हमलावरों ने एक की वर्दी फाड़ी, दूसरे को डंडे से पीटा
- राजगढ़ जिले में दो माह के भीतर छठी बार पिटे पुलिसकर्मी
नईदुनिया प्रतिनिधि, राजगढ़-ब्यावरा। राजगढ़ जिले में वर्दी के सामने खुद की ही सुरक्षा का संकट खड़ा हो गया। बदमाशों में पुलिस का जरा भी खौफ नहीं है। यही कारण है कि जिले में आए दिनों पुलिस मारपीट व अभद्रता की शिकार हो रही है। ताजा मामला ब्यावरा शहर थाने का है। जहां एक विवाद को शांत कराने पहुंचे दो पुलिसकर्मियों को खुद मारपीट का शिकार होना पड़ा। एक की वर्दी फाड़ दी तो दूसरे को डंडे से मारा। हालात यह बने कि पुलिसकर्मियों को मौके पर मौजूद लोगों द्वारा बीच बचाव कर बचाया गया। पिछले दो माह के भीतर छठी बार राजगढ़ जिले की पुलिस पिटी है।
झगड़े की सूचना पर पहुंचे थे सिलावट मोहल्ला
पुलिस के मुताबिक ब्यावरा थाने में आरक्षक मनीष पिता वासुदेव गोयल उम्र 35 साल निवासी थाना ब्यावरा शहर ने जो एफआइआर की है उसमें कहा है कि करीब रात 09.00 बजे सिलावट मोहल्ले में झगड़े की सूचना मिली थी। इसके बाद थाना प्रभारी के निर्देश पर मैं व आरक्षक आकाश मेवाडे दोनों सिलावट मोहल्ला गए थे। वहां जाकर देखा तो मौके पर काफी भीड़ जमा थी।
विक्रम वर्मा ने बताया कि सिलावट मोहल्ले के रहने वाले रानी सिलावट, राजेश सिलावट, विष्णु प्रकाश चंदेल, ममता सिलावट व अन्य कुछ लोगों ने मेरे साथ हाथ थापड़ों से मारपीट की है। उसी समय पुलिस को देखकर यह सभी लोग चिल्ला चोंट कर गालियां देने लगे। हमने गालियां देने से मना किया तो रानी सिलावट, राजेश सिलावट, विष्णु प्रकाश चंदेल, ममता सिलावट ने मेरे (आरक्षक मनीष गोयल) व आरक्षक आकाश के साथ थापड़ों से मारपीट करने लगे। तभी वहां पर इन चारों ने कुछ लोगों को बुला लिया।
उन्होंने भी हमारे साथ थापड़ों से मारपीट की। रानी सिलावट ने मेरी वर्दी फाड़ दी व विष्णु प्रसाद चंदेल ने डंडे से आरक्षक आकाश के सिर में मारी। इस घटना में हमें शरीर पर कई जगह जगह चोटें आईं। वहां पर मौजूद विक्रम वर्मा निवासी खजूरिया, शुभम दांगी एवं अन्य लोगों ने बीच बचाव किया। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ धारा 132,296,121(1),351(3),3(5) बीएनएस में एफआइआर की है।
इसके पहले कब-कब हुई पुलिस मारपीट की शिकार?
- 17 सितंबर की रात को राजगढ़ जिले की पुलिस एक ही केस में दो बार पिटी थी। पहले घोड़ाखेड़ा गांव में मारपीट की व दूसरी टीम के साथ फिर खैरासी के समीप मारपीट की। खुजनेर थाने की डायल 112 को सूचना मिली थी कि राकेश वर्मा की पत्नी के साथ ससुराल पक्ष के लोग विवाद व मारपीट कर रहे हैं। सूचना पर जब डायल 112 घोड़ाखेड़ा गांव पहुंची तो पुलिसकर्मी राहुल भिलाला को देख राकेश व उनके परिवार के लोग भड़क गए व विवाद करते हुए पुलिसकर्मी के साथ मारपीट करते हुए शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाई गई। इसमें पुलिस ने एफआइआर की थी।
- घोड़ाखेड़ा गांव में जब राहुल भिलाला के साथ मारपीट की तो खुजनेर टीआइ रवि ठाकुर सहित बल घोड़ाखेड़ा पहुंचा, लेकिन आरोपित भाग निकले थे। खुजनेर टीआइ की सूचना पर राजगढ़ से पुलिस अधीक्षक कार्यालय की डीसीबी शाखा में पदस्थ एएसआइ शादाब खान, प्रधान आरक्षक पुरूषोत्तम, आरक्षक ललित तोमर व आरक्षक श्याम रघुवंशी आरोपितों की तलाश में रवाना हुए। टीम करेडी से खैरासी की तरफ आगे बढ़ी। जहां आरोपित राकेश वर्मा और महेंद्र वर्मा को पुलिस टीम ने पकड़ लिया था। यहां भी आरोपितों ने पुलिस पर हमला कर दिया था।
- 19 सितंबर शनिवार रात प्रधान आरक्षक नंदकिशोर मीणा राजगढ़ के किला गेट क्षेत्र में गणेश उत्सव की ड्यूटी कर रहे थे। तब ही कुछ युवक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल चलाते हुए बाजार से निकले। प्रधान आरक्षक ने उन्हें बाजार में तेज गति से वाहन नहीं चलाने की समझाइश दी। इस पर बदमाश मोटरसाइकिल खड़ी कर एकत्रित हुए और वापस मौके पर पहुंचकर प्रधान आरक्षक मीणा के साथ मारपीट कर वर्दी फाड़ दी। इसमें पुलिस ने छह आरोपितों को गिरफ्तार किया था।
- 19 सितंबर को एक युवक द्वारा आत्महत्या करने के बाद कुछ लोग उसका शव लेकर ब्यावरा सिटी थाने के सामने पहुंचे थे। भगौरा निवासी महेश सौंधिया व परिजन शव लेकर थाने के साथ पहुंचे। महेश शव को सड़क पर रखकर विरोध जताना चाहता था। पुलिस द्वारा की गई एफआइआर के मुताबिक महेश सौंधिया को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उसने थाना प्रभारी शिवराजसिंह चौहान का हाथ पकड़ लिया व बांई कलाई में चोट आई थी।
हाल ही में तीन दिन पहले बोड़ा थाना की पुलिस कुकलियाखेड़ी गांव में अवैध शराब की सूचना पर दबिश देने पहुंची थी। तब ही रात के अंधेरे में बदमाशों ने बोड़ा पुलिस वाहन पर पथराव कर दिया। इस घटनाक्रम में दो पुलिसकर्मियों को सामान्य चोटें आई थी। पुलिस ने छह आरोपितों के खिलाफ एफआइआर दर्ज की थी। ब्यावरा में इसलिए हुआ था विवाद
गुरुवार देर शाम सिलावट मोहल्ले में मजदूरी के भुगतान को लेकर विवाद हो गया था। यहां कुछ महिलाएं एक ठेकेदार से मजदूरी के पूरे पैसे नहीं मिलने की शिकायत करते हुए नाराजगी जाहिर कर रही थीं। महिलाओं का कहना था कि उनकी मजदूरी 3300 रुपए तय हुई थी, लेकिन ठेकेदार की ओर से उन्हें केवल 2300 रुपए ही दिए गए। इसी दौरान वहां से गुजर रहे रिटायर्ड पटवारी विष्णु प्रसाद चंदेल भी रुक गया और महिलाओं के पक्ष में ठेकेदार का विरोध करने लगे।
यह भी पढ़ें- मध्य प्रदेश के 8 जिलों में बारिश की चेतावनी, 4 जिलों में शीतलहर का अलर्ट, तूफान 'अकवान' का दिखेगा असर
मामले की जानकारी मिलने पर सिटी थाना प्रभारी शिवराज सिंह चौहान ने ठेकेदार को समझाइश दी कि मजदूरों की शेष मजदूरी का भुगतान कर विवाद समाप्त किया जाए। इसके बाद आरक्षक मनीष गोयल और आकाश मेवाड़े को ठेकेदार के कर्मचारी विक्रम वर्मा के साथ मौके पर भेजा गया, ताकि मजदूरों को उनकी पूरी राशि दिलवाई जा सके। इसी के दौरान विवाद हुआ।