
नईदुनिया प्रतिनिधि, राजगढ़। पूरे जिले के जंगलों और पेड़-पौधों की सुरक्षा की जिम्मेदारी जिस वन विभाग के कंधों पर है, उसी विभाग के मुखिया का अपना घर सुरक्षित नहीं रह पाया।
बीती रात बेखौफ चोरों ने जिला वन मंडल अधिकारी (DFO) वैणी प्रसाद के वीआईपी सरकारी बंगले को निशाना बनाया। चोर बेहद शातिर तरीके से बंगले की सुरक्षा को धता बताते हुए अंदर घुसे और परिसर में लगा कीमती चंदन का पेड़ काटकर आराम से रफूचक्कर हो गए।
चोरी गए इस पेड़ की अनुमानित कीमत करीब 30 हजार रुपये बताई जा रही है। घटना के बाद वन महकमे में हड़कंप मच गया है। आनन-फानन में कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद मिश्रीलाल भील की रिपोर्ट पर अज्ञात चोरों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया गया है।
चोरों का हौसला सिर्फ डीएफओ के बंगले तक ही नहीं रुका। उन्होंने वन विभाग के साथ-साथ न्याय विभाग को भी चुनौती दे डाली। शहर की रामलीला कॉलोनी स्थित सरकारी क्वार्टर में रहने वाले शैलेंद्र जोशी (प्रशासनिक अधिकारी, न्याय विभाग) के घर पर भी चोरों ने इसी अंदाज में धावा बोला।
चोर उनके सरकारी आवास के परिसर से भी लगभग 30 हजार रुपये की कीमत का दूसरा चंदन का पेड़ काटकर ले उड़े। एक ही रात में न्याय और वन विभाग के दो बड़े कारिंदों के सरकारी ठिकानों पर हुई इस चोरी ने पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है।
यह भी पढ़ें- 13 साल बाद मिला न्याय, हाई कोर्ट ने सड़क हादसे के मृतक के परिवार का मुआवजा बढ़ाया, ब्याज सहित मिलेंगे ₹65 लाख
एक ही रात में दो बेहद सुरक्षित और सरकारी आवासों से केवल चंदन के पेड़ों का ही गायब होना यह साफ इशारा करता है कि शहर में कोई संगठित 'पुष्पा' गैंग (चंदन तस्कर गिरोह) सक्रिय है।
चोरों को अच्छी तरह मालूम था कि शहर में किस-किस बड़े अधिकारी के बंगले के भीतर चंदन के पेड़ लगे हुए हैं। उन्होंने पहले बकायदा रेकी की और फिर बिना किसी डर के वारदात को अंजाम दिया।
फिलहाल, राजगढ़ कोतवाली पुलिस ने दोनों ही मामलों में केस दर्ज कर लिया है और चोरों की तलाश शुरू कर दी है।