
नईदुनिया प्रतिनिधि, ब्यावरा। पुनीत टॉकीज के पास रहने वाली एक विवाहिता ने अपने पति और ससुर पर दहेज की मांग को लेकर मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने और पति पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। विवाहिता की शिकायत पर पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में पिंकी पति चंदन अहिरवार, उम्र 25 वर्ष, निवासी चमारी हाल पुनीत टॉकीज के पास ने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2020 में चंदन पिता चुन्नीलाल अहिरवार निवासी चमारी के साथ सामाजिक रीति-रिवाज से हुई थी।
शादी के बाद उसके दो बेटियां हैं। महिला के अनुसार शादी के कुछ समय तक पति ने उसे ठीक से रखा, लेकिन बाद में छोटी-छोटी घरेलू बातों को लेकर आए दिन विवाद करने लगा और गाली-गलौज कर परेशान करने लगा। आरोप है कि पति चंदन और ससुर चुन्नीलाल उससे कहते थे कि उसके पिता ने शादी में दहेज में कुछ नहीं दिया है और यदि उसे ससुराल में रहना है तो दहेज में मोटरसाइकिल लेकर आना होगा। महिला ने दोनों पर मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान करने का आरोप लगाया है।
यह भी पढ़ें- यूपी-एमपी पुलिस की संयुक्त टीम पर हमला; राजगढ़ में दबिश के दौरान ग्रामीणों ने बरसाए पत्थर, 3 पुलिसकर्मी घायल
शिकायत के मुताबिक 12 जुलाई की सुबह करीब 10 बजे पति ने महिला से कहा कि वह उसके साथ नहीं रहना चाहता और दोनों बेटियों को लेकर घर से चली जाए। महिला ने जब कहीं जाने से इनकार किया तो पति ने कथित तौर पर उसे जान से खत्म करने की धमकी दी। इसके बाद महिला अपनी दोनों बेटियों को लेकर मायके मधुसूदनगढ़ चली गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।