राजगढ़ जिला अस्पताल में हाईवोल्टेज ड्रामा: मरीज ने खुद को टॉयलेट में किया बंद, पुलिस-गार्ड ने मशक्कत के बाद निकाला बाहर
जिला अस्पताल में भर्ती एक मरीज ने शनिवार सुबह खुद को टॉयलेट में बंद कर लिया था। गार्ड ने जब यह माजरा देखा तो संबंधित डॉक्टर को सूचना दी। पुलिस को बुला ...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 17 May 2026 05:17:33 PM (IST)Updated Date: Sun, 17 May 2026 05:19:18 PM (IST)
प्रतीकात्मक फोटो एआई से बनाई गई है।HighLights
- अस्पताल में भर्ती मरीज ने खुद को टॉयलेट में बंद कर लिया
- गार्ड और पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद मरीज को बाहर निकाला
- अस्पताल प्रबंधन के अनुसार मरीज नशे का आदी है और इलाज जारी है
नईदुनिया प्रतिनिधि, राजगढ़। जिला अस्पताल में शनिवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब भर्ती एक मरीज ने खुद को अस्पताल के टॉयलेट में बंद कर लिया। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर अस्पताल स्टाफ के हाथ-पांव फूल गए। मामला इतना बढ़ गया कि गार्ड से लेकर पुलिस तक को मौके पर बुलाना पड़ा।
जानकारी के अनुसार करीब 53 वर्षीय व्यक्ति की तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराकर गए थे। बताया जा रहा है कि मरीज नशे का आदी है। शनिवार सुबह वह अचानक वार्ड से उठा और सीधे टॉयलेट में जाकर अंदर से कुंडी लगा ली।
यह भी पढ़ें- चौंका देगी राजगढ़ की ये कहानी: डिजिटल इंडिया के दौर में जिंदा है 'झगड़ा प्रथा', नाबालिग लड़की को लेकर थाने के सामने लगी 20 लाख की पंचायत!
घंटों तक चली मशक्कत
जब काफी देर तक मरीज बाहर नहीं आया तो वहां तैनात गार्ड ने डॉक्टरों को सूचना दी। अस्पताल प्रबंधन ने तत्काल पुलिस को बुलाया। गार्ड और पुलिसकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद किसी तरह टॉयलेट का दरवाजा खुलवाया।
लेकिन बाहर आते ही मरीज ने फिर अस्पताल के दूसरे टॉयलेट में घुसकर खुद को बंद कर लिया। इस दौरान अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया और मरीजों व स्टाफ की भीड़ जमा हो गई।
वजह नहीं बता पाया मरीज
काफी कोशिशों के बाद पुलिस और गार्ड की टीम ने मरीज को बाहर निकाला और वापस वार्ड में शिफ्ट किया। हालांकि पूछताछ में वह खुद को टॉयलेट में बंद करने की कोई स्पष्ट वजह नहीं बता पाया।
“नशे का आदी है मरीज”
सूचना मिलते ही पुलिस और गार्ड की मदद ली गई। मरीज को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है और उसका उपचार जारी है। मरीज नरसिंहगढ़ में पशु चिकित्सा विभाग में कार्यरत है और नशे का आदी बताया जा रहा है। फिलहाल उसकी स्थिति सामान्य है।- डॉ. रजनीश शर्मा, सिविल सर्जन, जिला अस्पताल, राजगढ़।