
नईदुनिया प्रतिनिधि, राजगढ़। “मेरी जान... तू बोलती थी कि तेरे लिए जान देने के लिए हाजिर हूं मैं, हिम्मत है तो देकर दिखाना...। और तूने बोला था कि बदनाम भले ही हो जाएं, लेकिन तेरे साथ मैं मरूंगी, तो मरकर दिखाना... और मेरा क्या है मेरी जान... यह देख... (रस्सी का फंदा दिखाते हुए गले में डाला)”।
यह बोलते हुए 18 वर्षीय किशोर ने रस्सी का फंदा गले में डाला, वीडियो इंस्टाग्राम पर अपलोड किया और पेड़ से लटककर जान दे दी। जब बेटे की मौत की पुष्टि डॉक्टरों ने अस्पताल में की तो पिता दुख सह नहीं सके और दौड़कर वहां से चले गए। कुछ ही देर बाद जहरीला पदार्थ पीकर पिता ने भी जान दे दी। दोनों की दुखद मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक बसी तलावड़ा निवासी 18 वर्षीय किशोर रामचंद्र पिता कनीराम तंवर ने प्रेम प्रसंग के चलते सोमवार रात करीब 10 बजे एक पेड़ के समीप खड़े होकर स्वयं के मोबाइल से एक वीडियो रिकॉर्ड किया। इसके बाद उसने वीडियो इंस्टाग्राम पर अपलोड किया और बसी तलावड़ा स्थित अपने खेत में फांसी लगाकर जान दे दी।
परिजनों के मुताबिक रामचंद्र सोमवार रात करीब 10 बजे घर से भंडारे में जाने की बात बोलकर घर से निकला था। रात करीब 12 बजे उसका बड़ा भाई मनोज खेत पर मवेशी भगाने पहुंचा। वहां रामचंद्र को पेड़ पर फंदे से लटका देखकर वह दौड़कर गांव पहुंचा और परिवार को सूचना दी। परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। रामचंद्र को नीचे उतारकर खिलचीपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
रात के समय रामचंद्र का शव परिजन लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे चेक किया और जांच के बाद मौत की पुष्टि की। रामचंद्र की मौत की खबर परिवार के लिए किसी सदमे से कम नहीं थी। पिता सुबह 4 बजे तक अस्पताल में ही थे, लेकिन जैसे ही बेटे की मौत की पुष्टि हुई तो पिता कनीराम अस्पताल से निकलकर गांव चले गए। परिजनों के अनुसार इसके बाद कनीराम खेत की ओर गए। वहां उन्होंने जहरीला पदार्थ खा लिया। मंगलवार सुबह ग्रामीणों को कनीराम खेत में मृत अवस्था में मिले। पिता ने भी बेटे के गम में जान दे दी।
जहां बेटे ने फांसी लगाकर जान दी, वहीं से कुछ दूरी पर पिता का शव मिला है। कनीराम के शव की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव को खिलचीपुर अस्पताल लाया गया। यहां रामचंद्र का शव पहले से पोस्टमार्टम के लिए रखा हुआ था। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे दोनों के शवों का एक साथ पोस्टमार्टम किया गया। कुछ घंटे पहले जिस अस्पताल में बेटे का शव आया था, वहीं मंगलवार सुबह पिता का शव भी पहुंच गया। दोनों का पोस्टमार्टम करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।
कनीराम तंवर (49) गांव में पत्नी राजूबाई और बच्चों के साथ रहते थे। परिवार में चार बेटे और पांच बेटियां हैं। कनीराम खेती-किसानी और मजदूरी कर परिवार का खर्च चलाते थे। रामचंद्र चार भाइयों में चौथे नंबर का था। ग्रामीणों के मुताबिक उसका किसी युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। सोशल मीडिया पर युवती से वीडियो कॉलिंग और फोटो से जुड़ी पोस्ट होने की बात भी सामने आई है।
खिलचीपुर पुलिस ने दोनों मौतों की जांच शुरू कर दी है। युवक द्वारा मौत से पहले रिकॉर्ड किए गए वीडियो को जांच का अहम हिस्सा माना जा रहा है। पुलिस मोबाइल फोन और सोशल मीडिया गतिविधियों के अलावा उसके कथित प्रेम प्रसंग से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है। हालांकि यह पुष्टि नहीं हो सकी थी कि किशोर ने किस युवती के लिए जान दी है।
18 वर्षीय किशोर ने प्रेम प्रसंग में वीडियो बनाकर फांसी लगाकर जान दी है। उसी के सदमे में पिता ने जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी। हम पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। - कमलसिंह गहलोत, टीआई खिलचीपुर