भवन निर्माण अनुमति और नामांतरण के बदले मांग रहा था पांच हजार रुपये, रतलाम में रिश्वत लेते पकड़ाया पंचायत सचिव
शिकायत की जांच के बाद लोकायुक्त टीम ने 23 फरवरी को तस्दीक की और ट्रैप की योजना बनाई। इसके बाद सोमवार को कार्रवाई करते हुए आवेदक से 4500 रुपये की रिश्व ...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 09 Mar 2026 09:49:03 PM (IST)Updated Date: Mon, 09 Mar 2026 09:54:23 PM (IST)
रिश्वत लेते पकड़ाया ग्राम पंचायत सचिव।HighLights
- घर पर सचिव ने एक अलग कमरे में अपना आफिस बना रखा है।
- यहीं पर फरियादी से वह बताए गए रिश्वत के लिए पैसे ले रहा था।
- जैसे ही फरियादी ने रूपये सचिव को दिए तो टीम ने दबिश मार दी।
नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम। लोकायुक्त उज्जैन की टीम ने सोमवार रात करीब 8 बजे कार्रवाई करते हुए ग्राम पंचायत कनेरी के सचिव को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। सचिव भवन निर्माण अनुमति और नामांतरण के बदले आवेदक से रिश्वत की मांग कर रहा था।
लोकायुक्त पुलिस के अनुसार रतलाम निवासी प्रेम जैसवार ने एसपी लोकायुक्त उज्जैन को शिकायत की थी कि उन्होंने रतलाम स्थित मां विंध्यवासिनी ड्रीम सिटी कालोनी में दो भूखंड खरीदे हैं। इनमें भूखंड क्रमांक बी-41 पर भवन निर्माण की अनुमति और भूखंड क्रमांक 96 का ग्राम पंचायत में नामांतरण कराने के लिए ग्राम पंचायत कनेरी के सचिव सत्यनारायण सेन उनसे पांच हजार रुपये रिश्वत मांग रहे थे।
शिकायत की जांच के बाद लोकायुक्त टीम ने 23 फरवरी को तस्दीक की और ट्रैप की योजना बनाई। इसके बाद सोमवार को कार्रवाई करते हुए आवेदक से 4500 रुपये की रिश्वत लेते समय सचिव सत्यनारायण सेन को रंगे हाथों पकड़ लिया गया। सचिव सत्यनारायण ने फरियादी को अपने निवास स्थान तेजा नगर पर रूपये लेकर बुलाया था।
घर पर सचिव ने एक अलग कमरे में अपना आफिस बना रखा है। यही फरियादी से वह रूपये ले रहा था। जैसे ही फरियादी ने रूपये सचिव को दिए तो तुरंत टीम ने दबिश मार दी।
दबिश से घबरा कर आरोपित सचिव ने रूपये टेबल पर रख दिए। टीम ने सचिव के हाथ को केमिकल के पानी से धुलवाया तो हाथों से गुलाबी रंग निकल गया।
आरोपित सचिव के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई में लोकायुक्त डीएसपी दिनेशचंद पटेल, निरीक्षक हीना डावर, आरक्षक श्याम शर्मा, आरक्षक संजीव कुमारिया, प्रधान आरक्षक हितेश ललावत और आरक्षक इसरार शामिल रहे।
फोटो - लोकायुक्त की पकड़ में आरोपित सचिव सत्यनारायण सेन।