नईदुनिया न्यूज, नामली। पंचेड़-नामली मार्ग स्थित तुलसी वाटर पार्क में संचालित स्पा सेंटर पर शुक्रवार शाम पुलिस ने फिल्मी अंदाज में छापेमार कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान पुलिस को मौके से थाईलैंड की तीन युवतियां और कुछ युवक संदिग्ध अवस्था में मिले। दबिश के दौरान पुलिस को स्पा संचालन से जुड़े दस्तावेज संचालक उपलब्ध नहीं करा सके।
एसपी अमित कुमार को लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि वाटर पार्क की आड़ में अवैध रूप से संचालित स्पा सेंटर व अनैतिक गतिविधियां संचालित की जा रही है।
थाना पुलिस पर भी मिलीभगत के आरोप एसपी के सामने लगाए गए। शिकायतों की पुष्टि होने पर शुक्रवार दोपहर विशेष टीम गठित की गई, जिसकी सूचना थाने को भी नहीं दी गई।
टीम में शामिल सभी पुलिसकर्मियों व अधिकारियों के मोबाइल भी एक जगह रखवा लिए गए। इसके बाद टीम दोपहर करीब तीन बजे वाटर पार्क पहुंची। सादी वर्दी में पहुंचे पुलिसकर्मियों को ग्राहक बनाकर अंदर भेजा गया, जबकि अन्य अधिकारी बाहर से गतिविधियों पर नजर रखते रहे।
शिकायत सही पाए जाने के बाद एएसपी विवेक कुमार लाल के नेतृत्व में एसडीओपी किशोर पाटनवाला, एसडीओपी नीलम बघेल, डीएसपी अनिशा जैन समेत टीम ने स्पा सेंटर पर दबिश दी।
वाटर पार्क के पीछे छह कमरों में चोरी-छिपे स्पा सेंटर संचालित किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान तीन अलग-अलग कमरों में थाईलैंड की तीन युवतियां अलग-अलग युवकों के साथ मिलीं।
पुलिस ने सभी युवक-युवतियों को हिरासत में लेकर नामली थाने भेज दिया है। एएसपी विवेक कुमार ने बताया कि संदिग्ध युवक-युवतियों से पूछताछ जारी है। युवतियों की सूचना थाने पर दी है या नहीं इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। वाटर पार्क और स्पा सेंटर से जुड़े दस्तावेज भी जांचे जाएंगे।