
नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल को बुधवार को रतलाम से भोपाल की यात्रा सड़क मार्ग से करनी पड़ी। उनके हेलीकाप्टर में तकनीकी खराबी आने के कारण उड़ान नहीं हो सकी। काफी देर तक इंतजार करने के बाद पायलट ने समस्या की जानकारी दी।
इसके बाद खंडेलवाल भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री विप्लव जैन की कार से भोपाल के लिए रवाना हो गए। जैन भी उनके साथ गए। खंडेलवाल मंत्री चेतन्य काश्यप की माताजी तेजकुंवरबाई काश्यप के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करने सुबह भोपाल से हेलीकॉप्टर के जरिए बंजली हेलीपैड पहुंचे थे।
भोपाल लौटने के लिए बंजली हेलीपैड पहुंचे, लेकिन तकनीकी दिक्कत के चलते हेलीकाप्टर उड़ान नहीं भर सका। खराबी का पता लगाने और उसे दुरुस्त करने के लिए तकनीकी टीम बुलाई गई थी।