
जयदीप गुर्जर, नईदुनिया, रतलाम। दीपावली पर रविवार को दिनभर नगर की हवा साफ रही, लेकिन शाम होते ही आतिशबाजी के कारण आबोहवा में बदलाव आने लगा। रात में पटाखों से निकले धुएं के कारण बाजारों और प्रमुख मार्गों पर धुंध छा गई। कई स्थानों पर धुआं जमा होने से लोगों को सांस लेने में परेशानी महसूस हुई।
इसका असर केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के निगरानी स्टेशन के आंकड़ों में भी दिखाई दिया। दोपहर में हवा में मौजूद बारीक प्रदूषक कणों का स्तर 24 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर था, जो आधी रात को बढ़कर 500 तक पहुंच गया। हालांकि सोमवार सुबह से स्थिति में सुधार होने लगा और दोपहर तक प्रदूषण का स्तर फिर संतोषजनक स्थिति में आ गया।
सीपीसीबी के समीर (एसएएमईईआर) ऐप पर उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार रविवार से सोमवार तक 24 घंटे में पीएम 2.5 का औसत स्तर 196 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर दर्ज हुआ। यह निर्धारित सुरक्षित मानक 60 से करीब 3.2 गुना अधिक है। पीएम 2.5 हवा में मौजूद बेहद बारीक कण होते हैं, जो सांस के साथ फेफड़ों के भीतर तक पहुंच सकते हैं। निगरानी स्टेशन पर इनका अधिकतम स्तर 500 दर्ज हुआ, जो सेंसर की अधिकतम माप सीमा भी है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के नौ नवंबर शाम चार बजे जारी बुलेटिन के अनुसार पिछले 24 घंटों में प्रदेश के 15 शहरों में से नौ की हवा खराब श्रेणी में दर्ज हुई। रतलाम 205 एक्यूआई के साथ इस सूची में दसवें स्थान पर रहा। उज्जैन 306 एक्यूआई के साथ प्रदेश का सबसे प्रदूषित शहर रहा और यहां हवा बहुत खराब श्रेणी में दर्ज की गई। ग्वालियर 298, भोपाल 287 और इंदौर 261 एक्यूआई के साथ इसके बाद रहे। प्रदेश में सतना (70) और मैहर (61) की हवा ही संतोषजनक श्रेणी में रही। रविवार रात प्रदूषण का स्तर बढ़ने के बाद सोमवार दोपहर तक इसमें आई गिरावट से नगरवासियों को राहत मिली।
रविवार दोपहर दो से शाम पांच बजे तक पीएम 2.5 का स्तर 24 से 26 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर के बीच रहा। शाम छह बजे के बाद आतिशबाजी शुरू होने के साथ ही इसमें तेजी से बढ़ोतरी हुई। रात नौ बजे तक स्तर 280 से 300 के पार पहुंच गया। रात 10 बजे के बाद इसमें और उछाल आया तथा मध्यरात्रि को रीडिंग 500 तक दर्ज की गई।
यह भी पढ़ें- खातेगांव TI हत्याकांड: शराब सिंडिकेट के मोहिन की ब्रेन हेमरेज से मौत, आरोपी मनीष बड़ौदा से गिरफ्तार
आतिशबाजी थमने के बाद भी धुआं तत्काल नहीं छंटा। रात एक से तड़के तीन बजे तक पीएम 2.5 का स्तर 220 से 240 के बीच बना रहा। रात में हवा की गति कम रहने से पटाखों से निकला धुआं वातावरण में देर तक ठहरा रहा। सोमवार सुबह छह बजे तक इसका स्तर घटकर करीब 55 पर आ गया। दोपहर एक बजे रीडिंग 54.11 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर रही। धूप निकलने और हवा चलने से वातावरण में जमा धुआं छंटा और लोगों को राहत मिली।
पीएम 2.5 के सूक्ष्म कण सांस के साथ फेफड़ों के भीतर तक पहुंच सकते हैं। इनकी अधिकता से खांसी, सांस लेने में परेशानी और आंखों में जलन जैसी समस्याएं हो सकती हैं। अस्थमा और श्वसन संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों, बच्चों और बुजुर्गों को ऐसे वातावरण में विशेष सावधानी रखने की जरूरत होती है। - डॉ. अभय ओहरी, क्षय रोग विशेषज्ञ