MP में जन्मदिन की पार्टी में चली गोली, लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग में पड़ोसी युवक घायल
MP Crime: रतलाम जिले के आलोट के प्रमिला गंज क्षेत्र में जन्मदिन की पार्टी के दौरान एक व्यक्ति ने लाइसेंसी बंदूक से फायर कर दिया। ...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 10 Mar 2026 07:04:27 AM (IST)Updated Date: Tue, 10 Mar 2026 07:04:27 AM (IST)
लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग में घायल युवक रोहित नायकHighLights
- लाइसेंसी बंदूक से पड़ोसी पर फायर करने का आरोप
- पुलिस ने आरोपी श्याम नायक को हिरासत में लिया
- बंदूक जब्त, आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराया गया
नईदुनिया प्रतिनिधि, आलोट। नगर के प्रमिला गंज क्षेत्र में रविवार रात करीब 10 बजे जन्मदिन की पार्टी के दौरान फायरिंग की घटना सामने आई। एक व्यक्ति ने अपने पड़ोसी पर लाइसेंसी बंदूक से फायर कर दिया, जिससे युवक घायल हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पड़ोसी युवक के पैरों में लगे छर्रे
थाना प्रभारी मुनेंद्र गौतम के अनुसार, प्रमिला गंज निवासी श्याम नायक पुत्र अमर सिंह अपने घर पर जन्मदिन का कार्यक्रम मना रहा था। इस दौरान उसने शराब का सेवन भी किया हुआ था। इसी बीच उसने अपने घर के सामने रहने वाले 18 वर्षीय शंकर उर्फ रोहित नायक पुत्र कालू नायक पर बंदूक से फायर कर दिया। फायरिंग के दौरान निकले छर्रे रोहित नायक के दोनों पैरों में लग गए, जिससे वह घायल हो गया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए सिविल अस्पताल आलोट पहुंचाया गया। वहां उसका इलाज किया गया।
आरोपी हिरासत में, बंदूक जब्त
पुलिस ने आरोपी श्याम नायक को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू कर दी है। उसके पास से लाइसेंसी बंदूक भी जब्त कर ली गई है। पुलिस द्वारा आरोपी का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है। फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।