
नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम : रेलवे में (ग्रुप डी) भर्ती के लिए रेलवे खेल मैदान पर चल रही शारीरिक दक्षता परीक्षा अव्यवस्थाओं की भेंट चढ़ गई। रेलवे ग्राउंड की तैयारियां अधूरी रहने और वर्षा के बाद मैदान में पानी भरने से 4 और 5 सितंबर को निर्धारित शारीरिक परीक्षा आयोजित नहीं हो सकी।
परीक्षा देने देश के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे अभ्यर्थी इससे नाराज हो गए और शनिवार सुबह मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। परीक्षा के लिए झारखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार और राजस्थान सहित कई राज्यों से अभ्यर्थी रतलाम पहुंचे हैं। उनका कहना है कि परीक्षा स्थगित होने से उन्हें शहर में अतिरिक्त दिनों तक ठहरना पड़ रहा है। इससे होटल, भोजन और अन्य खर्च बढ़ रहे हैं।
शनिवार सुबह बड़ी संख्या में अभ्यर्थी डीआरएम कार्यालय के बाहर एकत्र हुए और मुख्य द्वार पर बैठकर अपनी नाराजगी जताई। भीड़ को देखते हुए आरपीएफ और जीआरपी के जवान तैनात किए गए। अभ्यर्थी जिम्मेदार अधिकारियों से सीधे बातचीत और परीक्षा को लेकर स्पष्ट निर्णय की मांग कर रहे थे। प्रदर्शन के दौरान काफी देर तक मंडल स्तर का कोई वरिष्ठ अधिकारी अभ्यर्थियों से चर्चा के लिए मौके पर नहीं पहुंचा। बाद में कार्मिक विभाग के कर्मचारियों ने युवाओं से बातचीत कर स्थिति समझाने का प्रयास किया।

वर्षा के चलते खराब हुआ रेलवे खेल मैदान। (नईदुनिया प्रतिनिधि)
अभ्यर्थियों ने रेलवे ग्राउंड की व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि मैदान में काली मिट्टी डाली गई है, जबकि कई हिस्सों में घास उगी हुई है। वर्षा के बाद मैदान की स्थिति और खराब हो गई, जिसके चलते दौड़ एवं अन्य शारीरिक गतिविधियां कराना मुश्किल हो गया।
कानपुर निवासी मनीष शर्मा और सवाई माधोपुर निवासी विजय सिंह गुर्जर सहित अन्य अभ्यर्थियों ने मांग की कि मैदान को पूरी तरह दुरुस्त करने के बाद सभी अभ्यर्थियों को पर्याप्त समय देकर दोबारा परीक्षा के लिए बुलाया जाए। शेष अभ्यर्थियों की परीक्षा करीब एक माह बाद आयोजित की जाए, ताकि मैदान को व्यवस्थित तरीके से तैयार किया जा सके।
निरस्त परीक्षा के लिए रेलवे ने फिलहाल नया कार्यक्रम जारी किया है। 4 सितंबर को परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों को 6 सितंबर की सुबह बुलाया गया है, जबकि 5 सितंबर की परीक्षा में शामिल होने वालों को 6 सितंबर की शाम परीक्षा देने की सूचना दी गई है। इसके बाद बचे हुए अभ्यर्थियों को बाद की तारीख में बुलाए जाने की बात सामने आई है।
शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए रतलाम में कुल 9837 अभ्यर्थियों को शामिल किया गया है। 1 और 2 सितंबर को करीब 3200 अभ्यर्थियों की प्रक्रिया हुई। इनमें लगभग 1900 अभ्यर्थी सफल रहे, जबकि करीब 900 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इसके बाद 4 और 5 सितंबर को प्रस्तावित परीक्षा वर्षा और मैदान की स्थिति के कारण निरस्त करनी पड़ी।
यह भी पढ़ें- DAVV Indore : 208 नकलचियों की परीक्षा रद, 160 का एक-एक पेपर निरस्त