
नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम। यूजीसी के नए समानता विनियमों के विरोध में राजपूत करणी सेना की ओर से बुधवार को शुरू की जाने वाली स्वर्ण न्याय पैदल यात्रा पहले ही दिन हंगामे और पुलिस कार्रवाई के बीच उलझ गई। रतलाम से भोपाल तक प्रस्तावित इस यात्रा को अनुमति नहीं मिलने पर पुलिस ने यात्रा के प्रारंभ स्थल राजपूत बोर्डिंग पर ही कार्यकर्ताओं को रोक लिया।
विरोध और नारेबाजी के बीच पुलिस को वाटर कैनन का इस्तेमाल भी करना पड़ा। बाद में पुलिस ने राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना सहित 27 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया, जिन्हें शाम को एसडीएम कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
दरअसल, श्री राजपूत करणी सेना ने 11 नवंबर से रतलाम से भोपाल तक स्वर्ण न्याय पैदल यात्रा शुरू करने का ऐलान किया था। सुबह 11 बजे से ही कार्यकर्ता बोर्डिंग पर जुटने लगे थे। अन्य समाजों के वरिष्ठजन भी समर्थन में वहां पहुंचे। करीब दोपहर 12.40 बजे जैसे ही कार्यकर्ताओं ने यात्रा शुरू करने का प्रयास किया, पुलिस अधिकारियों ने उन्हें बाहर ही रोक दिया।
इस पर कार्यकर्ता नाराज हो गए और नारेबाजी शुरू कर दी। इसी बीच राजपूत बोर्डिंग का पिछला गेट खोलकर कुछ कार्यकर्ताओं ने बाहर निकलने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने मुख्य मार्ग पर पहुंचते ही उन्हें रोक दिया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच बहस के साथ झूमाझटकी भी हुई।
इसी बीच श्री राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना भी मौके पर पहुंच गए। करीब आधे घंटे तक प्रदर्शन और नारेबाजी का दौर चलता रहा। इसके बाद मकराना कुछ साथियों के साथ लोकेंद्र टॉकीज होते हुए न्यूरोड की ओर पैदल निकल गए।
इधर, राजपूत बोर्डिंग पर रोके गए कार्यकर्ता लगातार नारेबाजी करते रहे। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ भी नारे लगाए। पुलिस ने बोर्डिंग पर मौजूद कार्यकर्ताओं और न्यूरोड पर राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना को भी गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद सभी को पुलिस वाहनों से सैलाना थाने पहुंचाया।
दोपहर करीब 3 बजे हिरासत में लिए गए कार्यकर्ताओं को सैलाना थाने लाया गया। यहां एसडीएम शहर तरुण जैन, एएसपी राकेश पंद्रो और सीएसपी सत्येंद्र सिंह घनघोरिया भी पहुंचे। पुलिस की कार्रवाई के बाद शाम करीब 5 बजे मकराना सहित कार्यकर्ताओं को एसडीएम रतलाम कोर्ट में पेश किया गया।
श्री राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना ने कहा कि यूजीसी के नए समानता विनियमों के विरोध में शुरू की गई स्वर्ण न्याय पैदल यात्रा का उद्देश्य पूरा होने तक आंदोलन जारी रहेगा। छूटते ही भोपाल के लिए यात्रा दोबारा शुरू करेंगे। 10 जनवरी को दिल्ली के लिए भी पैदल यात्रा निकाली जाएगी।