
नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम : रतलाम-इंदौर रेल मार्ग पर संचालित डेमू ट्रेन में तकनीकी खराबी का सिलसिला यात्रियों के लिए परेशानी का कारण बन रहा है।
शुक्रवार को ट्रेन क्रमांक 79314 तकनीकी समस्या के कारण फतेहाबाद स्टेशन पर करीब 45 मिनट तक खड़ी रही। अचानक ट्रेन रुकने से बड़ी संख्या में यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा और उन्हें ट्रेन के दोबारा चलने का इंतजार करना पड़ा।
सुबह 10 बजे रतलाम से रवाना हुई डेमू ट्रेन गौतमपुरा तक सामान्य रूप से चली। 12.14 बजे फतेहाबाद स्टेशन पहुंचने पर तकनीकी समस्या के कारण ट्रेन रोकनी पड़ी। करीब 45 मिनट बाद ट्रेन को रवाना किया गया।
रतलाम-इंदौर के बीच बड़ी संख्या में लोग नौकरी, व्यवसाय और अन्य जरूरी कार्यों के लिए प्रतिदिन आवागमन करते हैं। यात्रियों का कहना है कि ट्रेन में बार-बार तकनीकी खराबी आने से समय पर गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी होती है।
सामाजिक कार्यकर्ता अनिल पुरोहित ने रेल मंत्री सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों को एक्स के माध्यम से समस्या से अवगत कराया है। उन्होंने रतलाम-इंदौर के बीच संचालित डेमू के पुराने रैक को बदलकर नया रैक उपलब्ध कराने की मांग की है।
सामाजिक कार्यकर्ता अनिल पुरोहित ने कहा कि डेमू ट्रेन में आए दिन खराबी आ रही है। इसके चलते यात्री परेशान हो रहे हैं। रतलाम से इंदौर के लिए और इंदौर से रतलाम के लिए कई यात्री प्रतिदिन यात्रा करते हैं। इसके चलते रेलवे को इस समस्या की ओर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए और शीघ्र ही इस समस्या का निराकरण कर यात्रियों को सुविधा मुहैया करवाना चाहिए। ट्र्रेन सुचारु होगी तो यात्रियों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। इसके लिए रेलवे को ट्रेन के पुराने रैक बदलवाना चाहिए।
यह भी पढ़ें- अब हर बुधवार को बेंगलुरु के लिए दौड़ेगी ट्रेन, स्पेशल से नियमित हुई बिलासपुर–यलहंका एक्सप्रेस