
नईदुनिया प्रतिनिधि सीधी। सिटी कोतवाली पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। तीन महीने पहले आरोपितों ने बैंक से रेकी कर स्कूटी की डिग्गी से 2 लाख 60 हजार रुपये चुराए थे।
पुलिस ने 50 सीसीटीवी की जांच कर छत्तीसगढ़ से आरोपितों को पकड़ा है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशों के अनुसार की गई है।
करीब तीन माह पूर्व शहर के व्यस्ततम इलाके में अज्ञात बदमाशों ने सुनियोजित तरीके से बैंक से रेकी कर पीड़ित की स्कूटी की डिग्गी से नकदी और दस्तावेजों से भरा बैग चुरा लिया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अभिषेक उपाध्याय के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल का गठन किया था।
हफ्तों की मेहनत और सैकड़ों घंटों की रिकॉर्डिंग खंगालने के बाद पुलिस को संदिग्धों के हुलिए और वारदात में प्रयुक्त वाहन के महत्वपूर्ण सुराग मिले।
डिजिटल फुटप्रिंट्स और मुखबिर तंत्र के सहयोग से पुलिस ने अपराधियों के भागने के मार्ग का अनुसरण किया। तकनीकी दक्षता के माध्यम से जब आरोपितों की सटीक लोकेशन छत्तीसगढ़ में मिली, तो पुलिस टीम ने तुरंत दबिश दी।
पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर शातिर आरोपित शिवम कुमार नट को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपित ने स्वीकार किया कि वह बैंक के बाहर खड़े ग्राहकों की रेकी करता है और मौका मिलते ही डिग्गी का लॉक खोलकर चोरी करता है।
आरोपित की निशानदेही पर सीधी पुलिस ने व्यौहारी पुलिस के साथ मिलकर सह-आरोपित अरुण कंजर उर्फ लेदहा कंजर के ठिकाने पर छापेमारी की, जिसमें एक लाख नकद बरामद किए गए।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में ग्वारीघाट रेल लाइन पर हादसा, ट्रेन की टक्कर से उछलीं गायें, पुल के नीचे खड़े युवक पर गिरीं