
नईदुनिया प्रतिनिधि,रीवा। जिले के मनगवां विधानसभा के ग्राम पंचायत नदना डिहिया में महज 2 किमी पक्की सड़क न होने के कारण एक आदिवासी महिला की समय पर इलाज न मिलने से मौत हो गई।
घटना गत रविवार देर शाम की है। गांव निवासी रामकली रावत, पत्नी स्व. राम स्वयंवर रावत पर आकाशीय बिजली गिर गई। वो गंभीर रूप से झुलस गई थीं लेकिन जीवित थीं।
परिजनों ने तुरंत अस्पताल ले जाने की कोशिश की, पर गांव तक एम्बुलेंस पहुंच ही नहीं पाई। कच्चा रास्ता इतना कीचड़ भरा था कि पैदल चलना भी मुश्किल था।आखिरकार ग्रामीणों ने महिला को खाट पर लिटाया और कंधे पर उठाकर 2 किमी दलदल पार किया।
रास्ते में ही रामकली ने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस दर्दनाक घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
उनका आरोप है कि सड़क निर्माण के लिए विधायक निधि से 5 लाख रुपए स्वीकृत हुए थे, लेकिन आज तक जमीन पर काम नहीं हुआ।
यह भी पढ़ें- हत्या के आरोपित की याचिका पर हाई कोर्ट ने मांगा जवाब, सरकार से पूछा-अब तक चालान और गिरफ्तारी क्यों नहीं