
नईदुनिया प्रतिनिधि, रीवा। शहर में बीच सड़क एक महिला ने शराब के नशे में जमकर हंगामा किया है। नशे में धुत महिला ने न सिर्फ राहगीरों से अभद्रता की बल्कि एक व्यक्ति की कॉलर पकड़ कर उसे घसीटती भी नजर आई है। फिलहाल सड़क के बीच महिला के इस हाई वोल्टेज ड्रामे का वीडियो भी सामने आया है।
एक ओर शराब के नशे में धुत महिला सड़क पर हंगामा करती रही थी, तो दूसरी ओर आसपास मौजूद लोग तमाशबीन की तरह उसे देखते रहे। सोशल मीडिया में वायरल हो रहे वीडियो के मुताबिक घटना सोमवार रात की है।
जहां थाने से कुछ ही दूरी पर एक महिला नशे की हालत में सड़क के बीच हंगामा करती नजर आई है। सड़क पर हुए इस हंगामे के दौरान अफरा तफरी का माहौल निर्मित रहा और कुछ देर के लिए आवागमन भी प्रभावित हुआ।
दूसरी ओर अनाथ बच्चियों के आश्रय के लिए बनाए गए वन स्टॉप सेंटर में लाई गई बच्ची को गेट से ही लौटा दिया गया। उसे पागल साबित कर अंदर नहीं लिया गया, जिसके बाद रात में पुलिस उसे लेकर भटकती रही।
रीवा जिले के बैकुंठपुर में सोमवार की शाम करीब छह बजे एक 14 साल बच्ची लावारिस हालत में मिली थी। वह अमहिया थाना क्षेत्र की रहने वाली थी और दुकान में माता पिता के काम में हाथ बंटाती थी।
रविवार की शाम करीब चार बजे वह अचानक लापता हो गई। शाम छह बजे पुलिस को वह बैकुंठपुर कस्बे में मिल गई। पुलिस ने उसके घर वालों की तलाश करने का प्रयास किया लेकिन कोई पता नहीं चला।
रात में पुलिस ने महिला आरक्षक के साथ बच्ची को आश्रय के लिए वनस्टाप सेंटर भेजा। वन स्टॉप सेंटर मौजूद कर्मचारियों ने बच्ची को मानसिक रूप से विक्षिप्त बताकर लेने से इन्कार कर दिया।
पुलिस ने कर्मचारियों से बच्ची को रखने को कहा लेकिन उन्होंने इंकार कर दिया। इस दौरान वन स्टॉप सेंटर में मौजूद महिला कर्मचारी का पूरा परिवार रात करीब नौ बजे सेंटर के अंदर ही मौजूद नजर आया जो वीडियो में दिख भी रहा।
नियम के मुताबिक सेंटर के अंदर रात में किसी भी जेंट्स को आने की अनुमति नहीं है, अपनी जिद पर अड़ी महिला कर्मचारी ने सेंटर का दरवाजा तक खोलना उचित नहीं समझा बल्कि महिला पुलिस कर्मी सहित बच्ची को बाहर से ही वापस कर दिया जो वीडियो में नजर आ रहा है।
गनीमत रही कि बच्ची के परिजन रात करीब 12 बजे पुलिस को मिल गए। बच्ची को रीवा बुलवाकर सिविल लाइन थाने में परिजनों को सौंप दिया गया। परिजन बोले- दिमागी हालत सही है, बोलती कम है।
यह भी पढ़ें- तेज रफ्तार कार बनी काल, रीवा से प्रयागराज मजदूरी करने जा रहे दंपती को रौंदा, बच्चों के सिर से मां का साया उठा