
नईदुनिया प्रतिनिधि सीधी। जिले के चुरहट के लिए 17 अक्टूबर का दिन ऐतिहासिक बन गया। लोगों के लिए चुरहट में ट्रेन आना उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा है। इस रेलखंड के शुरू होने से न केवल यातायात सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी नई गति मिलेगी।
बहुप्रतीक्षित ललितपुर-सिंगरौली रेल परियोजना के तहत रीवा-चुरहट रेलखंड पर पहली मेमू ट्रेन का ट्रायल सफलतापूर्वक पूरा हुआ। जैसे ही ट्रेन बघवार और रामपुर नैकिन होते हुए चुरहट स्टेशन पर पहुंची, स्टेशन पर मौजूद लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई।
यह ट्रायल ललितपुर-सिंगरौली रेल परियोजना का अहम हिस्सा है। इस परियोजना के पूरा होने से विंध्य क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी को नई मजबूती मिलेगी। लंबे समय से इस क्षेत्र के लोग रेल सुविधा का इंतजार कर रहे थे। अब यह इंतजार खत्म होने की कगार पर है।
नई मेमू ट्रेन के शुरू होने से बघवार, रामपुर नैकिन और चुरहट के साथ ही आसपास के दर्जनों गांवों को सीधा फायदा मिलेगा। अभी तक इन क्षेत्रों के लोगों को रीवा या सतना जाने के लिए बसों या निजी वाहनों पर निर्भर रहना पड़ता था, जिसमें समय और पैसा दोनों अधिक लगता था।
रेलवे की इस नई सुविधा से सबसे ज्यादा फायदा छात्रों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और मरीजों को होगा। रीवा और सतना में पढ़ने वाले छात्र अब आसानी से अप-डाउन कर सकेंगे। व्यापारियों को अपना माल ले जाने में सुविधा होगी, वहीं इलाज के लिए रीवा-सतना जाने वाले मरीजों को भी राहत मिलेगी।
रेलवे के अधिकारियों के अनुसार सतना से रामपुर नैकिन होते हुए चुरहट तक 8 कोच वाली मेमू ट्रेन चलाने की योजना है। ट्रायल के दौरान ट्रैक, सिग्नल, प्लेटफॉर्म और अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की गई। ट्रायल सफल रहने के बाद जल्द ही नियमित संचालन की तैयारी शुरू होगी।
ट्रायल के दौरान रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और तकनीकी टीम मौजूद रही। अधिकारियों ने बताया कि यह सिर्फ ट्रायल है, सुरक्षा जांच और अन्य औपचारिकताओं के बाद जल्द ही ट्रेन का नियमित संचालन शुरू किया जाएगा और इसका टाइम-टेबल जारी किया जाएगा।
पहली ट्रेन को देखने के लिए चुरहट स्टेशन पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, जनप्रतिनिधि और स्कूली बच्चे पहुंचे थे। लोगों ने रेलवे और सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में वीडियो देखते हुए माॅर्निंग वाॅक पड़ी भारी, आरपीएफ के एएसआई से मोबाइल लूटा