
नईदुनिया प्रतिनिधि, रीवा। खराब मौसम ने रीवा की हवाई कनेक्टिविटी पर एक बार फिर असर डाला। दिल्ली से रीवा पहुंची फ्लाइट को मौसम खराब होने के कारण लैंडिंग के लिए एयर ट्रैफिक कंट्रोल से सिग्नल नहीं मिल सका। विमान ने करीब 50 मिनट तक सतना-माधवगढ़ के आसपास आसमान में चक्कर लगाए। काफी इंतजार के बाद भी अनुमति नहीं मिलने पर विमान यात्रियों को लेकर वापस दिल्ली लौट गया।
दिल्ली से रीवा आने वाली फ्लाइट रीवा एयरपोर्ट तक पहुंच गई थी। लेकिन लगातार खराब मौसम और आसमान में बादल छाए रहने के कारण विमान को उतारने के लिए जरूरी सिग्नल नहीं मिल पाया। पायलट ने करीब 50 मिनट तक लैंडिंग की उम्मीद में विमान को सतना-माधवगढ़ के आसपास उड़ाया।
रीवा के अलावा आसपास के अन्य एयरपोर्ट पर भी विमान को उतारने के लिए उपयुक्त सिग्नल नहीं मिल सका। इसके बाद देर रात करीब 9 बजकर 15 मिनट पर विमान को यात्रियों के साथ वापस दिल्ली लौटने का फैसला लिया गया।
इधर, रीवा से दिल्ली जाने वाले यात्री निर्धारित समय पर एयरपोर्ट पहुंच चुके थे और उनकी बोर्डिंग भी हो गई थी। लेकिन खराब मौसम के चलते उड़ान संचालन प्रभावित रहा। यात्रियों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा।
आधिकारिक सूचना मिलने में देरी के कारण कई यात्रियों में नाराजगी भी देखने को मिली। दिल्ली से रीवा आने वाले यात्रियों को मंजिल तक पहुंचने के बजाय वापस दिल्ली लौटना पड़ा, जबकि रीवा से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को भी घर लौटना पड़ा। खराब मौसम ने एक बार फिर रीवा की एयर कनेक्टिविटी को लेकर सवाल खड़े कर दिए।