
नईदुनिया प्रतिनिधि, सीधी। दिल्ली के एक व्यक्ति ने सोशल मीडिया में पोस्ट करके मध्य प्रदेश के सीधी से भाजपा सांसद डॉ. राजेश मिश्रा को धमकी दी है। आरोपित ने लिखा है कि भगवान करे, आज आपका आखिरी दिन हो। आंदोलनकारी (प्रोटेस्टर) आपको जान से मार दें, ओम शांति।
बताया गया कि दिल्ली निवासी चंद्रा पांडेय ने दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) द्वारा किए जा रहे प्रदर्शन के बीच यह धमकी दी है। यह पोस्ट डॉ. राजेश मिश्रा और बीजेपी मप्र को टैग किया गया है। सांसद ने अभी शिकायत नहीं की है।
सांसद डॉ. मिश्रा ने कहा कि जाको राखे साइयां, मार सके न कोय वाली कहावत है। मैं ईश्वर में विश्वास करता हूं। कांग्रेस और सपा इस तरह के युवाओं को संरक्षण दे रही है। सांसद ने कहा कि हम दिल्ली में रिपोर्ट लिखाएंगे या नहीं, यह तो आने वाला समय बताएगा। पार्टी के वरिष्ठ विधि विशेषज्ञ से विचार करने के बाद ही कुछ कह पाएंगे।