
नवदुनिया प्रतिनिधि, सागर। बंडा जहरीली शराब त्रासदी के आरोपित जुझार सिंह लोधी की मौत के बाद स्वजन उसका शव लेने नहीं पहुंचे हैं। भोपाल के हमीदिया अस्पताल में उपचार के दौरान रविवार को उसकी मौत हो गई थी। आरोपित करीब एक सप्ताह तक वेंटिलेटर पर रहा। स्वजन के भोपाल नहीं पहुंचने के कारण अब तक शव का पोस्टमार्टम भी नहीं हो सका है।
आरोपित की मौत के बाद से ही उसके स्वजन शव लेने से दूरी बनाए हुए हैं। जेल प्रबंधन और बंडा पुलिस ने स्वजन को समझाने का प्रयास किया, लेकिन इसके बावजूद मौत के दो दिन बाद भी वे भोपाल नहीं पहुंचे।
ऐसे में शव अस्पताल में ही रखा हुआ है और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया अटकी हुई है। बंडा में जहरीली शराब से हुई मौतों के मामले में जुझार सिंह लोधी आरोपित था। उसकी मौत के बाद अब स्वजन के शव लेने पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- एमपी में संजीवनी क्लीनिकों को मिले डॉक्टर, इसी महीने संभालेंगे काम, 15 दिनों में करना होगा ज्वॉइन