सागर: चचेरे भाई के कातिल गिरफ्तार, गुटखा बना था विवाद की वजह
मृतक खिलान और उसके चचेरे भाई बीरन के बीच जमीन को लेकर पुरानी रंजिश थी। इसी रंजिश के चलते गुटखा को लेकर हुई कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। ...और पढ़ें
Publish Date: Wed, 06 May 2026 01:14:49 PM (IST)Updated Date: Wed, 06 May 2026 01:18:05 PM (IST)
72 घंटे के भीतर तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गयाHighLights
- सागर के धवारा गांव की घटना, चचेरे भाई की हत्या
- गुटखा न देने की बात पर हिंसक हुआ विवाद
- पुलिस ने 72 घंटे में आरोपियों को किया गिरफ्तार
नईदुनिया प्रतिनिधि, सागर। जिले के थाना बरायठा क्षेत्र में गुटखा देने से इंकार करने पर हुए विवाद में एक युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने 72 घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
सिर में चोट लगने से हुई मौत
पुलिस के अनुसार, एक मई को ग्राम धवारा में गुटखा देने को लेकर कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया। आरोपी राजेश अहिरवार और उसके भाई बीरन अहिरवार ने मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद गोकल अहिरवार भी शामिल हो गया और तीनों ने मिलकर लाठी और पत्थरों से हमला कर बाबूलाल, खिलान और विनोद अहिरवार को गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घटना में खिलान अहिरवार के सिर में गंभीर चोट आई थी। उसे उपचार के लिए बीएमसी अस्पताल सागर में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। अन्य घायलों का उपचार जारी है।
यह भी पढ़ें- हमीदिया गोलीकांड: आरोपी शाजिब की जमानत याचिका खारिज
पुरानी रंजिश के चलते हुआ विवाद
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक खिलान और उसके चचेरे भाई बीरन के बीच जमीन को लेकर पुरानी रंजिश थी। इसी रंजिश के चलते गुटखा को लेकर हुई कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया।
घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। तीन मई को राजेश और बीरन अहिरवार को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि तीसरे आरोपी गोकल अहिरवार को मुखबिर की सूचना पर पकड़ा गया। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।