
नईदुनिया प्रतिनिधि, सागर। बंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत बरा चौकी के ग्राम लरेठी में एक 22 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान मीना पटेल, पत्नी पुष्पेंद्र पटेल, निवासी ग्राम लरेठी के रूप में हुई है। महिला की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका के पति पुष्पेंद्र पटेल ने बताया कि शुक्रवार दोपहर उनकी पत्नी को सर्दी-जुकाम की शिकायत थी। तबीयत अधिक बिगड़ने पर वह निजी वाहन से उन्हें उपचार के लिए बंडा अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वहीं, घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मायके पक्ष का आरोप है कि मृतका के पति पुष्पेंद्र पटेल, ससुर अज्जू पटेल और चाचा ससुर राकेश पटेल उसके साथ मारपीट और प्रताड़ना करते थे।
मृतका के भाई ने आरोप लगाया कि उसका जीजा दहेज की मांग करता था और मांग पूरी नहीं होने पर उसकी बहन के साथ मारपीट की जाती थी। भाई के अनुसार, मृतका के शरीर पर चोटों के निशान भी मौजूद थे। मायके पक्ष ने मामले को हत्या बताते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
यह भी पढ़ें- डिप्टी सीएम के पूर्व OSD की बढ़ेंगी मुश्किलें, आबकारी विभाग ने लोकायुक्त को भेजी रिपोर्ट, जल्द होगी पूछताछ
इस संबंध में थाना प्रभारी आनंद सिंह ने बताया कि घटना शुक्रवार दोपहर की है। नवविवाहिता का पोस्टमार्टम करवाकर शव स्वजन को सौंप दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जो तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।