सागर: स्कूल वैन की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों ने गंवाई जान, एक बच्चा भी जख्मी; जैसीनगर थाना क्षेत्र की घटना
सागर के जैसीनगर क्षेत्र में ताजपुर तिराहा के पास स्कूल वैन और बाइक की आमने-सामने टक्कर में दो युवकों की मौके पर मौत हो गई। एक स्कूल का बच्चा भी घायल ह...और पढ़ें
Publish Date: Wed, 01 Jul 2026 11:52:59 AM (IST)Updated Date: Wed, 01 Jul 2026 11:55:42 AM (IST)
स्कूल वैन और बाइक की आमने-सामने से टक्कर हुई है। नईदुनिया।HighLights
- सागर के जैसीनगर क्षेत्र में ताजपुर तिराहा के पास स्कूल वैन और बाइक की आमने-सामने टक्कर
- दो युवकों की मौके पर मौत हो गई, हादसे में स्कूल वैन में सवार एक स्कूली बच्चा घायल हुआ
- दुर्घटना के बाद वैन चालक वाहन छोड़कर फरार, पुलिस ने जांच शुरू कर दी है
नईदुनिया प्रतिनिधि, सागर । जैसीनगर थाना क्षेत्र में सरखड़ी-वांसा मार्ग स्थित ताजपुर तिराहा के पास बुधवार सुबह करीब साढ़े सात बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। स्कूल की वैन और बाइक की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई।
वहीं वैन में सवार एक स्कूली बच्चा घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए सागर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आमने-सामने से हुई टक्कर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्कूल की वैन सरखड़ी से बांसा की ओर जा रही थी। इसी दौरान ताजपुर तिराहा के पास सामने से आ रही मोटरसाइकिल से उसकी आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
बच्चे सहित दोनों बाइक घायलों को स्थानीय लोगों ने निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने युवकों को दोनों को मृत घोषित कर दिया।
चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार
मृतकों की पहचान गुड्डू यादव (42) पिता दशरथ यादव, निवासी बांसा और रामबाबू कुर्मी (27) पिता प्यारेलाल कुर्मी, निवासी सिंघार चौरी के रूप में हुई है।
हादसे में स्कूल वैन में सवार एक स्कूली बच्चा भी घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सागर के निजी अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना के बाद वैन चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही जैसीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही हादसे के कारणों की जांच भी की जा रही है।