
नईदुनिया प्रतिनिधि, सतना। जंगल से लकड़ी की अवैध कटाई और परिवहन पर वन विभाग की निगरानी के बावजूद तस्कर रात के अंधेरे में दुर्गम रास्तों का सहारा ले रहे हैं।
हरदुआ सर्किल के पकररू कुठ क्षेत्र में वन अमले ने कार्रवाई करते हुए लकड़ी से लदे एक वाहन को पकड़ा है। वाहन क्रमांक एमपी-19 जेडबी-4535 को पहाड़ी के दुर्गम मार्ग पर पकड़ा गया। वाहन से लकड़ी बरामद होने के बाद उसे जब्त कर वन विभाग ने प्रकरण दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार वन अमले को क्षेत्र में लकड़ी के अवैध परिवहन की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने संभावित रास्तों पर निगरानी बढ़ाई।
पी-341 एवं पी-347 के पास पुरैना गांव की ओर जाने वाले पहाड़ी मार्ग पर संदिग्ध वाहन दिखाई दिया। टीम ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया। तलाशी के दौरान वाहन में लकड़ी मिली, जिसके बाद मौके पर ही जब्ती की कार्रवाई की गई।
रात में दुर्गम पहाड़ी रास्ते पर वाहन पकड़े जाने से वन क्षेत्र में अवैध लकड़ी परिवहन को लेकर सवाल भी खड़े हो रहे हैं। वन विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि लकड़ी कहां से लाई गई थी और इसे कहां ले जाया जा रहा था।
लकड़ी की प्रजाति और मात्रा का भी सत्यापन किया जा रहा है। कार्रवाई के दौरान अजय सिंह, अरखेंद्र सिंह और अनीश तिवारी सहित वन अमला मौजूद रहा।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में गोल्ड लोन की रिकवरी करने पहुंचे बैंक मैनेजर पर जानलेवा हमला, कैंट थाने में कर्मियों का हंगामा