
नईदुनिया प्रतिनिधि, सतना। सगमा रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश एक युवक के लिए जानलेवा साबित हुई। पैर फिसलने से युवक ट्रेन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल की पहचान अंजनी तिवारी, निवासी हाटी खुशियारा, के रूप में बताई जा रही है। घटना के बाद रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, घटना सगमा रेलवे स्टेशन की है। युवक ट्रेन में चढ़ने का प्रयास कर रहा था, तभी अचानक उसका पैर फिसल गया और वह ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसे के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
सूचना मिलते ही आरपीएफ के कर्मचारियों ने घायल युवक को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। एंबुलेंस की मदद से उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उपचार जारी है।
इधर, लोकमान्य तिलक मुंबई एक्सप्रेस से भी रात करीब ढाई बजे एक यात्री के चलती ट्रेन से गिरने की सूचना सामने आई है। उसे भी एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजे जाने की जानकारी मिली है। हालांकि, संबंधित यात्री की जानकारी सामने नहीं आ सकीं है।
यह भी पढ़ें- हाई कोर्ट से बड़ी राहत, 300 दिन के अर्जित अवकाश पर 90 दिन में निर्णय लेने का निर्देश