
नईदुनिया प्रतिनिधि, सीधी। रेलवे की जमीन पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए प्रशासन ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान रेलवे की भूमि पर बने 34 घरों को बुलडोजर चलाकर हटाया गया। प्रशासन के अनुसार, संबंधित लोगों को पहले ही मुआवजे की राशि दी जा चुकी थी, इसके बावजूद उन्होंने रेलवे की जमीन से अपने मकान खाली नहीं किए थे।
जानकारी के अनुसार, नौढ़िया गांव में दोपहर 12 बजे से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू हुई, जो शाम करीब 4 बजे तक जारी रही। करीब 4 घंटे तक चली इस कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में बुलडोजर की मदद से अतिक्रमण हटाया गया।
पुलिस बल और पटवारी रहे मौजूद
कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 40 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। वहीं राजस्व संबंधी कार्यवाही और सीमांकन सहित अन्य व्यवस्थाओं के लिए 26 पटवारी भी मौके पर मौजूद रहे। प्रशासन ने बताया कि रेलवे की जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए यह कार्रवाई की गई।
इसके लिए पहले ही सभी प्रभावित लोगों को नोटिस दिया गया था और उन्हें मकान खाली करने के लिए पर्याप्त समय दिया गया था। साथ ही नियमानुसार मुआवजे की राशि भी प्रदान कर दी गई थी। इसके बाद भी जब लोगों ने मकान खाली नहीं किए, तब प्रशासन को सख्त कदम उठाना पड़ा।
यह भी पढ़ें- रायपुर एयरपोर्ट की तीन गुना बढ़ेगी परिचालन क्षमता, अब एक रनवे से प्रति घंटे 35 उड़ानों की तैयारी
कार्रवाई के दौरान पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पुलिस बल ने गांव में जगह-जगह मोर्चा संभाल रखा था, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो। पटवारियों की टीम ने जमीन का सीमांकन किया और यह सुनिश्चित किया कि केवल रेलवे की जमीन पर बने अतिक्रमण को ही हटाया जाए।
परियोजना का काम हो रहा था प्रभावित
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि रेलवे परियोजना के लिए यह जमीन अत्यंत आवश्यक थी। अतिक्रमण के कारण परियोजना का काम प्रभावित हो रहा था। बार-बार समझाइश देने के बावजूद जब लोग नहीं माने, तो गुरुवार को संयुक्त टीम बनाकर कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध भी किया, लेकिन पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी के कारण स्थिति नियंत्रण में रही।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में 10 नगर निगमों का बढ़ेगा दायरा, अब गांव बनेंगे शहर; नगरीय प्रशासन ने मांगा ब्योरा
अधिकारियों ने लोगों को समझाया कि मुआवजा मिलने के बाद जमीन पर बने रहने का कोई औचित्य नहीं है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन ने पहले ही सबको सूचित कर दिया था, इसलिए अधिकतर लोगों ने अपना सामान पहले ही हटा लिया था। जिन लोगों ने सामान नहीं हटाया था, उन्हें भी सामान हटाने का मौका दिया गया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि रेलवे की जमीन पर दोबारा अतिक्रमण नहीं होने दिया जाएगा। इसके लिए निगरानी की जाएगी और यदि कोई फिर से अतिक्रमण करता है, तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद रेलवे की जमीन पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त हो गई है। अब रेलवे परियोजना के काम में तेजी आने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें- दिसंबर में बेंगलुरु के लिए चलेगी सूबेदारगंज -एसएमवीटी स्पेशल ट्रेन, एमपी के सतना, कटनी और जबलपुर में ठहराव