
नईदुनिया प्रतिनिधि, सतना। जिला के मझगवां के सांदीपनि विद्यालय में गुरुवार को एक ऐसी घटना हुई, जिसने स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए।
अवकाश के दौरान खेलते-खेलते विद्यालय की छत पर पहुंचा कक्षा सात का छात्र वहां से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया।
पेड़ की पत्तियों के माध्यम से करंट लगने से छात्र गंभीर रूप से झुलस गया। समय रहते उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मझगवां पहुंचाया गया, जहां उपचार के बाद उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
बबेरू निवासी राकेश प्रजापति का पुत्र सुजीत प्रजापति अपने नाना के घर मझगवां में रहकर संदीपनी विद्यालय में कक्षा सात में अध्ययन करता है।
गुरुवार को मध्यावकाश के दौरान वह अन्य बच्चों के साथ खेलते-खेलते विद्यालय की छत पर पहुंच गया। विद्यालय के पीछे से हाईटेंशन बिजली लाइन गुजरती है, जिसकी जद में पेड़ की शाखाएं और पत्तियां थीं। इसी दौरान छात्र पत्तियों के संपर्क में आया और करंट की चपेट में आ गया।
घटना के बाद विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई। विद्यालय के चौकीदार ने तत्काल घायल छात्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत खतरे से बाहर बताई है।
छात्र छत पर चला गया था। विद्यालय के पीछे से हाईटेंशन लाइन गुजरती है और वहां पेड़ लगे हैं। संभवतः पेड़ की पत्तियों के संपर्क में आने से वह करंट की चपेट में आ गया। उन्होंने बताया कि छात्र की स्थिति अब सामान्य है तथा भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जा रहे हैं।
राजेन्द्र प्रसाद उपाध्याय, प्राचार्य
यह भी पढ़ें- जबलपुर के त्रिमूर्ति नगर में चाकुओं से गोदकर युवक की हत्या, हमलावर फरार