
नईदुनिया प्रतिनिधि, सतना। जिले कि बिरसिंहपुर तहसील कार्यालय में गुरुवार को उस समय असामान्य स्थिति बन गई, जब कांग्रेस पदाधिकारी संतोष तिवारी ने अधिकारियों की कथित अनुपस्थिति के विरोध में न्यायालय कक्ष के भीतर ही अनोखा प्रदर्शन शुरू कर दिया। उन्होंने पहले तहसीलदार न्यायालय में रखी टेबल पर लेटकर विरोध जताया, इसके बाद एसडीएम न्यायालय में बिस्तर बिछाकर आराम करने लगे। इस दौरान तहसील कार्यालय में मौजूद कर्मचारी और आम नागरिक भी हैरान रह गए।
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से बहुप्रसारित हो रहा है। दरअसल बताया जा रहा है कि गुरुवार को बिरसिंहपुर तहसील में मझगवां एसडीएम की लिंक कोर्ट संचालित होती है। आरोप है कि दोपहर करीब एक बजे तक न तो एसडीएम न्यायालय में अधिकारी पहुंचे और न ही नियमित न्यायिक कार्यवाही शुरू हो सकी। इससे नाराज होकर कांग्रेस नेता संतोष तिवारी ने न्यायालय परिसर के भीतर ही विरोध प्रदर्शन का यह अनोखा तरीका अपनाया।
संतोष तिवारी ने कहा कि दूर-दराज से आने वाले ग्रामीण और फरियादी घंटों तक अधिकारियों का इंतजार करते रहते हैं, जिससे उनका समय और पैसा दोनों बर्बाद होता है। उनका आरोप था कि प्रशासनिक व्यवस्था में समयपालन की कमी के कारण आम लोगों को अनावश्यक परेशानी उठानी पड़ रही है।
घटना के दौरान कुछ देर तक तहसील कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल रहा। कर्मचारियों और मौजूद लोगों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने अपनी नाराजगी जारी रखी। पूरे घटनाक्रम का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद प्रशासनिक कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।