
नईदुनिया प्रतिनिधि, मैहर। करीब एक महीने पहले बाणसागर डैम तैरकर मैहर से बांधवगढ़ की ओर गया जंगली हाथी एक बार फिर अपने पुराने रास्ते से मैहर लौट आया है।
हाथी ने रामनगर जनपद के पास से वनमंडल मैहर में प्रवेश किया है। वर्तमान में उसकी मौजूदगी ग्राम पंचायत सेमरिया के आसपास बताई जा रही है।
उल्लेखनीय है कि पिछली बार यह हाथी 7-8 सितंबर की दरमियानी रात मैहर वनमंडल क्षेत्र में पहुंचा था। इसके बाद करीब 22 दिनों तक मैहर क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर विचरण करता रहा।
28 सितंबर को वह बाणसागर डैम में उतरकर तैरते हुए बांधवगढ़ की ओर रवाना हो गया था। अब एक बार फिर उसी रास्ते से उसकी वापसी हुई है। हाथी की इस आवाजाही से वन विभाग की निगरानी व्यवस्था भी सक्रिय हो गई है।
वन विभाग के रेंजर प्रफ्फुल त्रिपाठी के मुताबिक, मैहर लौटकर आया हाथी वही है, जो पिछली बार करीब 22 दिनों तक इस क्षेत्र में विचरण करने के बाद बांधवगढ़ की ओर चला गया था। हाथी की दोबारा आमद के बाद वन विभाग ने आसपास के गांवों के लिए सतर्कता सूचना जारी की है।
वनमंडल मैहर की ओर से जारी सूचना में बताया गया है कि हाथी सेमरिया से लगे गांवों या आसपास के वन क्षेत्र से गुजर सकता है। ऐसे में ग्रामीणों को सतर्क रहने की जरूरत है।
विभाग ने ग्रामीणों को सलाह दी है कि हाथी के पीछे न भागें और न ही उसके आसपास जाने का प्रयास करें। घरों में जहां महुआ या अनाज का भंडारण किया जाता है, वहां रात में सोने से बचें। साथ ही खेतों में खुले स्थान पर रात न बिताएं।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में डीजल संकट, फंसी निगम की सफाई व्यवस्था; 2-3 लीटर में दौड़ रहे कचरा वाहन