
नईदुनिया प्रतिनिधि, सतना। नागौद थाना क्षेत्र के पतौरा गांव के चढ़इया टोला में पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। पिता-पुत्र के बीच हुए झगड़े में बेटे ने अपने 58 वर्षीय पिता के सिर पर पत्थर पटक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के दौरान जिला अस्पताल सतना में उनकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान हीरालाल सिंगरहा के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, हीरालाल का अपने 32 वर्षीय बेटे मोतीलाल से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच अक्सर कहासुनी और विवाद होता रहता था। इसी दौरान विवाद बढ़ने पर मोतीलाल ने पिता के सिर पर पत्थर से हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण हीरालाल की हालत बिगड़ गई।
परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल हीरालाल को देर शाम जिला अस्पताल सतना पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया। हालांकि, गंभीर चोटों के चलते उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
घटना के पीछे पुरानी पारिवारिक रंजिश की बात भी सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान इससे पहले पिता ने भी गुस्से में बेटे पर चाकू से हमला किया था। हालांकि, घटनाक्रम और विवाद की वास्तविक वजह को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। पिता-पुत्र के बीच हुए इस विवाद का अंत हत्या जैसी गंभीर वारदात में होने से गांव में चर्चा का माहौल है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- उज्जैन: जवानों के बीच पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, नागझिरी थाने में पुलिस परिवार संग बांटी खुशियां