
नईदुनिया प्रतिनिधि, सीधी। जिला अस्पताल से सोनोग्राफी मशीन चोरी का मामला प्रकाश में आया है। चोरी करने का आरोप सेवानिवृत्त शिशु रोग विशेषज्ञ पर लगाया गया है। जिसकी शिकायत सिविल सर्जन ने सिटी कोतवाली में दर्ज कराया है। पुलिस जांच में जुटी है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
सिविल सर्जन डॉ. एसबी खरे ने बताया कि जिला अस्पताल के कक्ष क्रमांक 12 में सोनोग्राफी रखी लगी हुई थी। 21 मई दोपहर करीब 2.30 से 3 बजे के बीच डॉ. देवेंद्र सिंह सेवानिवृत्त शिशु रोग विशेषज्ञ जिला अस्पताल बिना सूचना के अस्पताल पहुंचे। जहां उन्होंने महेश केवट वार्ड बॉय से ताला खोलने को कहा। कहने पर वार्ड बॉय ने ताला खोल दिया। इसके बाद डॉक्टर देवेंद्र सिंह कक्ष क्रमांक 12 में रखें सोनोग्राफी मशीन सहित अन्य सामग्री को लेकर चले गए।
उन्होंने यह भी शिकायत किया है कि राम सुजान मिश्रा सुरक्षा गार्ड द्वारा मशीन ले जाने से नहीं रोका गया है। ऐसे में देवेंद्र सिंह के साथ इन दोनों पर एफआईआर दर्ज किया जाए।
सेवानिवृत डॉक्टर देवेंद्र सिंह ने दावा किया है कि सोनोग्राफी मशीन के साथ यहां रखी अन्य मशीन मेरे खुद के पैसे से खरीदी गई थी। इसलिए हम जिला अस्पताल से लेकर आए हैं।
यह भी पढ़ें- MP नगरीय निकाय व पंचायत चुनाव... SIR के बाद बनी मतदाता सूची से ही होंगे इलेक्शन, राज्य निर्वाचन आयोग की बड़ी तैयारी
डॉ एसबी खरे सिविल सर्जन के शिकायत के बाद अभिषेक उपाध्याय सिटी कोतवाली प्रभारी ने दोनों ही पक्ष से रिकॉर्ड प्रस्तुत करने को कहा है। लेकिन अब तक दोनों पक्ष मशीन संबंधित बिल एवं अन्य कागजात लेकर प्रस्तुत नहीं हुए हैं। उपाध्याय ने कहा कि यदि दोनों पक्ष प्रस्तुत नहीं होंगे तो नोटिस जारी किया जाएगा।
सेवानिवृत डॉ देवेंद्र सिंह जिला अस्पताल के कक्ष क्रमांक 12 में रखे सोनोग्राफी मशीन बिना जानकारी लेकर चले गए हैं। जिसकी शिकायत सिटी कोतवाली में दर्ज कराई गई है।- डॉ. एसबी खरे सिविल सर्जन जिला अस्पताल सीधी