
नईदुनिया प्रतिनिधि, मैहर। जिले में सनातन संवाद कार्यक्रम को लेकर सोशल मीडिया पर कथित जातिगत टिप्पणी करने और भ्रामक जानकारी वायरल करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने आजाद पटेल के विरुद्ध अपराध दर्ज किया है।
फेसबुक आईडी ‘आजाद पटेल अमरपाटन’ से की गई पोस्ट के संबंध में आदित्य मालिक ने शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, वार्ड नंबर 9 पुरानी बस्ती निवासी आदित्य मालिक (19) ने 25 अक्टूबर को अपने मित्र पवन पसेरिया के साथ थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी।
शिकायत में आरोप लगाया गया कि आजाद पटेल ने 23 अक्टूबर को मैहर की केजेएस फैक्ट्री में आयोजित सनातन संवाद कार्यक्रम को लेकर फेसबुक पर कथित जातिगत टिप्पणी की थी।
पोस्ट में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करने और पुलिस द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिए जाने को लेकर भ्रामक जानकारी वायरल करने का आरोप भी लगाया गया है।
शिकायतकर्ता ने पोस्ट से धार्मिक भावनाएं आहत होने की बात कहते हुए कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है। फिलहाल शिकायत में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
यह भी पढ़ें- दीपावली पर जबलपुर से नागपुर के लिए एक ही तारीख पर किराये में 14 गुना अंतर, ऑनलाइन बुकिंग में सामने आईं अलग दरें