
नईदुनिया प्रतिनिधि,सतना। जिले के नागौद थाना क्षेत्र के बारापत्थर गांव में 5 मार्च की रात किसान अभय उर्फ बबलू यादव की गोली मारकर हत्या के मामले में नया मोड़ सामने आया है। घटना से जुड़ा एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें तीन आरोपी मुंह ढककर बाइक से आते और वारदात को अंजाम देते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए तीन टीमें गठित की हैं।
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी हिस्ट्रीशीटर चंदन यादव ने अपने दो साथियों के साथ इस वारदात को अंजाम दिया। फुटेज में दो आरोपी पिस्टल लोड कर घर के अंदर जाते दिखाई देते हैं, जबकि तीसरा आरोपी बाइक स्टार्ट कर बाहर इंतजार करता नजर आता है।
बताया गया है कि हमलावरों ने घर की छत पर सो रहे किसान अभय उर्फ बबलू यादव (50) पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। उन्हें पांच गोलियां लगीं, जिनमें दो पीठ, एक पेट, एक गर्दन और एक पसली में लगी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
इस दौरान आरोपियों ने दुकान में मौजूद मृतक के बेटे राणा यादव (25) पर भी फायरिंग कर दी, जिससे उसके दाहिने पैर में दो गोलियां लगीं। घायल राणा यादव का शहर के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। मृतक के परिजनों ने मुख्य आरोपी चंदन यादव और आलोक सोनी को पकड़ने वाले को 50-50 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
मामूली विवाद बना हत्या की वजह
पुलिस के अनुसार 4 मार्च को आरोपी चंदन यादव के छोटे भाई शरद यादव का मोहल्ले के लोगों से विवाद हो गया था। इसी दौरान मृतक अभय यादव ने उसे फटकारते हुए दो थप्पड़ मार दिए थे। इसी रंजिश में शरद यादव ने अपने फरार चल रहे भाई चंदन यादव से संपर्क कर बदला लेने की बात कही, जिसके बाद इस वारदात को अंजाम दिया गया।
मुख्य आरोपी चंदन यादव पर हत्या सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं और वह पहले से हिस्ट्रीशीटर है। वह दिसंबर 2025 में एक माह की पैरोल पर जेल से बाहर आया था, लेकिन तय अवधि के बाद वापस पेश नहीं हुआ और फरार हो गया था।
स्वजन ने पुलिस पर लगाए आरोप
घटना के बाद मृतक के परिजनों ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। मृतक के छोटे बेटे राजा यादव का आरोप है कि उनके घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में वारदात के कई लाइव फुटेज थे। पुलिस ने घटना के बाद डीवीआर जब्त कर लिया था, लेकिन शनिवार को जब डीवीआर वापस किया गया तो उसमें से रिकॉर्डिंग डिलीट मिली।
पहले भी पैरोल पर फरार बदमाश का हुआ था एनकाउंटर
उल्लेखनीय है कि कई वर्ष पहले सतना केंद्रीय जेल से पैरोल पर बाहर आने के बाद फरार हुए बदमाश शिप्पू खान ने भी सतना में अपराध का आतंक फैलाने की कोशिश की थी। उस समय तत्कालीन सिटी कोतवाली थाना प्रभारी ‘जग्गी’ ने उसका बीच बाजार में एनकाउंटर कर दिया था, जिसके बाद शहर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों ने राहत की सांस ली थी।