• Jagran.com
  • Jagran Josh
  • Her Zindagi
  • Onlymyhealth
  • Jagran TV
  • Vishvas News
  • Inextlive
  • मेरी खबरें
मेरी खबरें
  • होम
  • ताजा खबरें
  • मध्यप्रदेश
  • छत्तीसगढ़
  • उत्तर प्रदेश
  • देश
  • धर्म
  • मनोरंजन
  • राशिफल
  • लाइफस्टाइल
  • अन्य
    • बिज़नेस
    • बड़ी खबरें
    • खेल
    • विदेश
    • करियर
    • टॉपिक्स
    • टेक्नोलॉजी
    • कोरोना वायरस
    • शिक्षा
  • राज्य चुनें
  • ई-पेपर
  • राशिफल
  • राज्य चुनें
  • ई-पेपर
  • फटाफट
  • राशिफल
  • वेब स्टोरीज
नईदुनिया ट्रेंडिंग
  • रक्षाबंधन
  • सावन माह
  • मानसून
  • मध्‍य प्रदेश की खबरें
  • राशि परिवर्तन
  • वास्‍तु शास्‍त्र
  • स्वच्छ जल
  • होम
  • मध्य प्रदेश
  • सतना

सतना और चित्रकूट में तेज बारिश का कहर, घर-दुकानों में भरा पानी; रौद्र रूप में मंदाकिनी नदी

करीब 14 घंटे से रुक-रुककर जारी बारिश के कारण सतना शहर की निचली बस्तियों से लेकर नागौद, बिरसिंहपुर और ग्रामीण क्षेत्रों तक जलभराव के हालात बन गए। कई घर...और पढ़ें

By Digital DeskEdited By: Nitin Kumar
Publish Date: Sat, 29 Aug 2026 09:55:16 AM (IST)Updated Date: Sat, 29 Aug 2026 10:03:25 AM (IST)
सतना और चित्रकूट में तेज बारिश का कहर, घर-दुकानों में भरा पानी; रौद्र रूप में मंदाकिनी नदी
सतना में बरसात से सड़कों ने ली जलसमाधि

HighLights

  1. सतना में भारी बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त
  2. शहर की बस्तियों से लेकर नागौद थाना तक जलमग्न
  3. मंदाकिनी का जलस्तर तेजी से बढ़ा, इलाका पानी-पानी

नईदुनिया प्रतिनिधि, सतना/चित्रकूट। देर रात से शुरू हुई लगातार हो रही बारिश ने शनिवार सुबह जिले के कई हिस्सों में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। करीब 14 घंटे से रुक-रुककर जारी बारिश के कारण सतना शहर की निचली बस्तियों से लेकर नागौद, बिरसिंहपुर और ग्रामीण क्षेत्रों तक जलभराव के हालात बन गए। कई घरों और दुकानों में पानी घुस गया।

सड़कें जलमग्न होने से शहर के अंदर आवागमन प्रभावित हुआ और कई मार्गों पर आवाजाही रोकनी पड़ी। उधर, चित्रकूट में मंदाकिनी नदी ने अचानक रौद्र रूप धारण कर लिया। जलस्तर तेजी से बढ़ने से घाट और आसपास का बड़ा इलाका पानी की चपेट में आ गया।


शहर में घरों तक पहुंचा पानी

सतना शहर के वार्ड क्रमांक 10 के बरदाडीह में हिंदुस्तान ट्रेडर्स के पास कई घरों में पानी घुस गया। वार्ड 26-27 के बीच बना कच्चा नाला ओवरफ्लो होने से आसपास के इलाकों में पानी भर गया। खूंथी बस्ती में कुछ घरों में कमर तक पानी पहुंचने की सूचना है। प्रेम विहार कॉलोनी और पन्ना नाका-उमरी क्षेत्र में भी घरों और दुकानों में पानी घुसने से लोग परेशान रहे।

बारिश के कारण कोतवाली चौराहे से कलेक्ट्रेट जाने वाला मार्ग भी बंद हो गया। शहर के कई अन्य हिस्सों में सड़कों पर पानी भरने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई।

नागौद थाना परिसर बना तालाब

नागौद में लगातार बारिश से स्थिति गंभीर हो गई। थाना परिसर में पानी भर गया और पानी थाना भवन के अंदर तक पहुंच गया। इंदिरा नगर सहित कई इलाकों में भी जलभराव रहा। दूसरी ओर, करीब आठ घंटे से बिजली आपूर्ति बंद रहने से लोगों की परेशानी और बढ़ गई।

नागौद का खजलिया तालाब भी ओवरफ्लो हो गया। कई स्थानों से पानी बहने के कारण आसपास के क्षेत्रों में खतरे की आशंका बनी हुई है।

बिरसिंहपुर के कई वार्ड डूबे

बिरसिंहपुर में बारिश का असर व्यापक है, अधिकांश वार्डों में जलभराव हुआ। वार्ड 2, 3 और 8 की सड़कें पूरी तरह पानी में डूब गईं और कई घरों में पानी प्रवेश कर गया। जिले के नदी-नाले भी उफान पर हैं।

जैतवारा-कोठी मार्ग प्रभावित

जैतवारा-कोठी-सतना मार्ग पर भी बारिश के कारण आवागमन प्रभावित हुआ। मौके पर जैतवारा थाना प्रभारी मौजूद रहे। बारीअमराई-देवरा मार्ग की स्थिति भी खराब हो गई। ग्राम पंचायत उजरौधा में बाढ़ जैसे हालात बन गए और घरों में पानी पहुंच गया।

यह भी पढ़ें- मैहर के अमरपाटन में रसल वाइपर ने काटा, सांप लेकर बेटे के साथ अस्पताल पहुंचा पिता

चित्रकूट में मंदाकिनी का रौद्र रूप

चित्रकूट में बारिश ने सबसे ज्यादा चिंता बढ़ाई है। देर रात हुई तेज बारिश के बाद मंदाकिनी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा। नदी के उफान पर आने से रामघाट सहित आसपास के इलाके जलमग्न हो गए। कई दुकानों में पानी भर गया और घाट किनारे रखा सामान बहने की सूचना है।

रामघाट क्षेत्र में स्थिति ऐसी बन गई कि कई रास्तों पर नाव चलने लगी। एक मंजिल तक की कई इमारतें पानी की चपेट में आ गईं। चित्रकूट के प्रमुख धार्मिक स्थलों और वहां जाने वाले रास्तों तक भी बाढ़ का पानी पहुंच गया है।

प्रकृति ने बंद की एमपी-यूपी की सीमा

यूपी-एमपी को जोड़ने वाले मार्ग पर भी आवागमन प्रभावित हुआ है। अचानक बढ़े जलस्तर के कारण लोग अपने घरों और दुकानों का सामान ऊंचे स्थानों पर पहुंचाने में जुटे हैं। बारिश अभी जारी है, इसलिए मंदाकिनी का जलस्तर और बढ़ने की आशंका बनी हुई है।

सतना शहर के हालात

बरदाडीह: घरों में घुसा पानी

खूंथी बस्ती: कमर तक पानी

वार्ड 26-27: कच्चा नाला ओवरफ्लो

पन्ना नाका-उमरी: घर-दुकान जलमग्न

कलेक्ट्रेट रोड: आवागमन बंद

यह भी पढ़ें- कटनी-सतना के बीच चलेगी अनारक्षित स्पेशल ट्रेन, फरीदाबाद में नहीं रुकेगी कटरा-जबलपुर एक्सप्रेस