
शिवमकृष्ण त्रिपाठी, नईदुनिया, मैहर। आम नागरिकों को अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं के लिए सरकारी कार्यालयो के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव की सरकार ने सात अगस्त से मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर शुभारंभ किया था।
शिविर के जरिए प्रशासन जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनता है और त्वरित निराकरण करता है। लेकिन उसी जन विश्वास शिविर में आज से करीब बीस दिन पूर्व सरपंच व सचिव ने करीब 10 हजार स्क्वायर वर्ग फीट जमीन पर अतिक्रमण करने की शिकायत के बाद भी प्रशासन ने कोई भी कार्रवाई नहीं की।
वन विभाग के एसडीओ सिद्धार्थ दीपांकर ने यह कहकर अपना पल्ला झाड़ लिया कि यह मामला उनकी जानकारी में है लेकिन वह बीमार होने की वजह से फिलहाल नागपुर में हैं।
राजस्व विभाग के नायब तहसीलदार लालमणि सतनामी ने शिकायत की ही जानकारी नहीं होने की बात कहते हुए त्वरित जांच कराकर कार्रवाई प्रेषित करने की बात कहीं।
शिकायतकर्ता सरपंच की मानें तो उसे वन विभाग व राजस्व विभाग के अधिकारी यह कहकर घुमा रहे हैं कि अभी तय नहीं है कि जमीन वनविभाग के अंतर्गत है या राजस्व की है।
मैहर जिले कि अमदरा तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत करौंदिया से सामने आया मामला ऐसे सभी सरकारी दावों को धरातल पर लाकर रख देता है। ग्राम करौदिंया में करीब 20 दिन पूर्व आयोजित मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर का आयोजन किया गया था।
इस आयोजन में संभागीय कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह समेत जिला कलेक्टर विदिशा मुखर्जी, पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह समेत तमाम प्रशासनिक अधिकारी, वन विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी रही।
करौंदिया ग्राम के सरपंच पुरुषोत्तम पटेल व सचिव उमाकांत पाण्डेय द्वारा संभागीय कमिश्नर से पंचायत से लगी सौ बाई सौ यानि दस हजार स्क्वायर वर्ग फीट जमीन पर कब्जा करने की शिकायत की गई।
जिस पर संभागीय कमिश्नर ने मौके पर मौजूद सभी संबंधित अधिकारियों को इस पर त्वरित संज्ञान लेकर कार्रवाई के निर्देश भी दिए। पर यह सब महज एक दिखावा मात्र रहा और बीस दिन गुजर जाने के बाद वन विभाग व राजस्व विभाग अपनी-अपनी भूमि नहीं होने के दावों के साथ ही दोनों विभागों के वरिष्ठ अधिकारी अपना पल्ला झााड़ते हुए दिखें।
सरंपच-सचिव ने संभागायुक्त को अपनी अतिक्रमण कि शिकायत में यह भी बताया था कि ग्राम पंचायत द्वारा इस अतिक्रमण व निर्माण को रोकने का प्रयास किया गया लेकिन अतिक्रमणकारियों ने गाली-गालौज करते हुए जान से मारने की भी धमकी दी। लिहाजा पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में इस अतिक्रमण को हटवाया जाएं। हालंकि यह बात और है कि अभी प्रशासन इस पर ध्यान नहीं दे सका और अतिक्रमणकारी का निर्माण अनवरत जारी है और लगभग कुर्सी लेबल से ज्यादा का निर्माण भी किया जा चुका है।
मुझे जानकारी नहीं है, वहां का पटवारी संदीप सेंडें फोन नहीं उठा रहा है, राजस्व निरीक्षक तिवारी को जांच के लिए बोल रहा हूं।
लालमणि सतनामी, नायब तहसीलदार, अमदरा
करौंदिया ग्राम पंचायत के सरपंच पुरुषोत्तम पटेल बोले-गदालाल यादव कर कोई व्यक्ति है जिसने सौ बाई सौ यानि 10 हजार स्क्वयर वर्गफीट में झुकेही से सरला नगर जानी वाली सड़क से 40 फीट दूरी जंगल की तरफ से अतिक्रमण किया है, हमने पंचायत की तरफ से जन विश्वास यात्रा सभागंज में भी ज्ञापन दिया था, अब तक अधिकारी आज तक यह नहीं पता कर पाएं कि राजस्व भूमि पे कब्जा है या वन भूमि पर जबकि अतिक्रमण सीधे जंगल से सत कर हुआ है तो हमारे हिसाब से पूरी जमीन वन भूमि पे ही होनी चाहिए।
मामला संज्ञान में है परन्तु अभी मैं अस्वस्थ्य होने के कारण इलाज करवाने मेडिकल कारणों से नागपुर आया हूं।
सिद्धार्थ दीपांकर, उपवनमंडल अधिकारी मैहर
यह भी पढ़ें- एक ही लिखावट से सैकड़ों बिल, पन्ना में भाई और साले ने किया करोड़ों रुपये का घोटाला