
नईदुनिया प्रतिनिधि, सतना। शहर के तीन प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों की तस्वीर बदलने की तैयारी नगर निगम ने शुरू कर दी है। अशोक बाजार, पुरानी गल्ला मंडी और पीडब्ल्यूडी कार्यालय के पास 337 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक व्यावसायिक परिसरों का निर्माण प्रस्तावित है।
अर्बन चैलेंज फंड (यूसीएफ) के तहत तैयार इस महत्वाकांक्षी परियोजना में 353 दुकानें, 165 वेंडिंग स्पेस और आवासीय इकाइयों के साथ आधुनिक पार्किंग सहित कई बुनियादी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। खास बात यह है कि परियोजना से प्रभावित होने वाले मौजूदा दुकानदारों को नए परिसरों में दुकान आवंटन के दौरान प्राथमिकता देने का प्रावधान किया गया है।
परियोजना के तहत तीनों बाजारों में कुल 43 आवासीय इकाइयों के निर्माण का भी प्रस्ताव है। वहीं लगभग 200 चारपहिया और 150 दोपहिया वाहनों के लिए पार्किंग विकसित की जाएगी। इससे बाजार क्षेत्रों में सड़कों पर बेतरतीब खड़े वाहनों से होने वाली यातायात समस्या कम होने की उम्मीद है।
बाजारों के पुनर्विकास के साथ लगभग 10 किलोमीटर क्षेत्र में सड़कों का सुधार, व्यवस्थित फुटपाथ, ढकी हुई नालियां, भूमिगत विद्युत लाइनें और आधुनिक स्ट्रीट लाइटें लगाने की योजना है। नए व्यावसायिक परिसरों में अग्नि सुरक्षा के जरूरी इंतजाम भी किए जाएंगे। परियोजना का उद्देश्य शहर के पुराने बाजारों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करना, व्यापारिक गतिविधियों को व्यवस्थित करना और ग्राहकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
हालांकि, इस पूरी योजना का असर इसके क्रियान्वयन और मौजूदा दुकानदारों के हितों के संरक्षण पर निर्भर करेगा। यदि प्रस्तावित सुविधाएं धरातल पर उतरती हैं तो सतना के पुराने बाजारों को नया व्यावसायिक स्वरूप मिल सकता है।
यह भी पढ़ें- भोपाल में प्रापर्टी खरीदने का बड़ा मौका; मिसरोद और एयरोसिटी में प्लाट बेचेगा बीडीए
रविवार को नगर निगम आयुक्त डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा ने तीनों प्रस्तावित स्थलों का निरीक्षण कर उपलब्ध भूमि, वर्तमान व्यावसायिक गतिविधियों और आवागमन की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने प्रस्तावित निर्माण और मौजूदा व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए परियोजना की संभावनाओं को समझा।